केयू के छात्रावास में विवाद, तीन छात्र जख्मी
-छात्रों को कराया जिला अस्पताल में दाखिल, सीएसओ ने ली मामले की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
केयू के छात्रों ने शराब पीकर शहीद भगत सिंह छात्रावास में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हुई झड़प में तीन विद्यार्थी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन फानन में घायलों को कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां इनका उपचार जारी है। डाक्टरों के मुताबिक घायलों की हालत खतरे से बाहर है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही केयू हास्टल के चीफ सिक्योरिटी आफिसर डा.अनिल गुप्ता व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां जानकारी जुटाने के बाद इन्होंने अस्पताल जाकर पूछताछ की।
बताया गया है कि शहीद भगत सिंह छात्रावास में रहने वाले कुछ छात्रों के अलावा यहां आउटसाइडर भी थे। इन्होंने हास्टल में रात को शराब पी और इसके बाद म्यूजिक पर जमकर झूमे। मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा। बताया गया है कि इस बीच कुछ छात्रों की भिड़ंत हो गई थी और इस दौरान खूब हो-हल्ला हुआ था। इससे पहले की हास्टल में मचे इस उत्पात पर विराम लगाने के लिए केयू का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचता, वहां तीन छात्र जख्मी हो गये। इन्हें उठाकर करीब 25 से 30 साथी केयू से सटे जिला अस्पताल पहुंचे थे। जहां इन्हें दाखिल कराया गया था। इधर घटना की सूचना पाकर केयू के अधिकारी भी वहां पहुंच गये।
चीफ सिक्योरिटी आफिसर डा.अनिल गुप्ता ने बताया कि उन्हें छात्रों के जख्मी होने की सूचना मिली थी। जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि शहीद भगत सिंह हास्टल में कुछ छात्र नाचगाना कर रहे थे। इस दौरान दो छात्रों का हाथ खिड़की पर लगे कांच में जा लगा। इसकी वजह से वे लहूलुहान हो गये और इन्हें लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में दाखिल कराया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंच कर उन्होंने डाक्टरों से ब्लड के बारे में पूछा था,ताकि किसी बच्चे को अगर खून की आवश्यकता है तो उसे पूरा कराया जा सके, लेकिन डाक्टर ने बताया है कि हालत खतरे से बाहर है।
नये सैक्षणिक सत्र की शुुरुआत
केयू में अभी नये सैक्षणिक सत्र की शुरुआत हुई है। केयू के कुल पति डा.कैलाश चंद्र शर्मा ने सभी हॉस्टलों में बेहतर व्यवस्था बनाये रखने के लिये निर्देश दिये हैं। सीएसओ के मुताबिक रूटीन में सभी हास्टलों पर नजर रखी जा रही है। वहीं आज के हालात से प्रतीत होता है कि नया सेशन शुरू होते ही हास्टलों में शराब का दौर भी शुरू हो चुका है। पिछले सेशन में भी केयू के हास्टलों में विवाद के साथ साथ हास्टलों में शराब की बोतलें भारी संख्या में मिली थीं।