बेटियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
बेटियां ही स्वच्छता सेवा मिशन को पहुंचाएंगी मुकाम तक : ईशा
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बेटियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ ईशा रानी ने कहा कि बेटियां ही प्रधानमंत्री के स्वच्छता सेवा मिशन अभियान को मुकाम तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।
वे शनिवार को राजकीय गर्ल्स स्कूल थानेसर में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं। इससे पहले सीडीपीओ ईशा रानी ने स्कूल की छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्वच्छता सेवा की शपथ दिलाई और जागरूकता रैली को हरी झंडी देकर रवाना किया। यह साइकिल रैली शहर के मुख्य चौराहों और मार्गों से होती हुई स्कूल में संपन्न हुई। इन बेटियों ने शहरवासियों को स्वच्छता और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति जागरूक किया। सीडीपीओ ने कहा कि कुरुक्षेत्र प्रदेश का पहला जिला है जहां शहर और गांव खुले से शौचमुक्त हुए हैं। प्रिंसिपल रमा शर्मा ने कहा कि राजकीय स्कूल में स्वच्छता अभियान को गंभीरता से लिया जा रहा है और प्रत्येक विद्यार्थी को स्वच्छता सेवा के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है।