अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
गांव बिशनगढ़ की महिला पंच और एक दाई को शर्तिया बेटा होने और गर्भ गिराने के धंधे में लिप्त होने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह भंडाफोड़ जिला स्वास्थ्य विभाग को मिली एक गुप्त सूचना के बाद हुआ। विभाग की टीम ने एक फर्जी ग्राहक की मदद से महिला पंच और एक दाई को गिरफ्तार कराया। इनके पास से एमटीपी किट भी बरामद हुई है। बताया गया है कि फर्जी महिला डाक्टर की मदद से यह किट बेचने के अलावा गर्भ गिराने का धंधा पिछले काफी समय से चल रहा था। दोनों महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की शिकायत जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से दे दी गई है।
पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. आरके सहाय के मुताबिक गांव संतोखपुरा वासी दाई पालो देवी और गांव बगथला में फर्जी डाक्टर सुनीता को एमटीपी किट के साथ गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि दोनों महिलाएं भारी भरकम राशि लेकर यह किट बेचने का गोरखधंधा पिछले काफी समय से चला रही थी। जिला स्वास्थ्य विभाग को इसकी गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद दोनों को काबू किया गया। डिप्टी सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी डा. आरके सहाय ने बताया कि इनके पास एक फर्जी ग्राहक को भेजा गया था। फर्जी ग्राहक ने तीन हजार रुपये देकर एमटीपी किट का सौदा तय किया था। इसके कुछ देर बाद एक महिला एमटीपी किट देने के लिए दाई के पास आई और इसके तुरंत बाद वहां से चली गई। बताया गया है कि इसी बीच फर्जी ग्राहक ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को संकेत दिये, जिसके बाद टीम ने दाई को एमटीपी किट देने आई महिला का पीछा किया और उसे बगथला से काबू कर उसके क्लीनिक से एमटीपी किट बरामद की। बताया गया है कि उक्त महिला एक गांव की पंच भी है। उसके क्लीनिक से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काफी मात्रा में एमटीपी किट व अन्य सामग्री बरामद की है। इधर स्वास्थ्य विभाग की टीम इनके पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।