कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ली जा रही प्रवेश परीक्षा के चरण में शनिवार को 878 परीक्षार्थी एलएलबी व एमए अंग्रेजी की परीक्षा देने पहुंचे। कड़ी सुरक्षा में परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि सुबह 10 बजे एमए अंग्रेजी की परीक्षा विधि संस्थान व विधि विभाग परीक्षा केंद्र में संपन्न हुई, जिसमें 291 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
दोपहर सत्र में 12.30 बजे एलएलबी की परीक्षा यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कम्युनिटी सेंटर ब्लॉक-एक व ब्लॉक-दो में संचालित हुई। इसमें 587 परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा दी। जबकि परीक्षा के लिए 688 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। रविवार को होने वाली बीए एलएलबी परीक्षा के लिए सर्वाधिक 1825 आवेदकों ने आवेदन किया है जबकि एमबीए व बीबीए ऑनर्स में प्रवेश लेने हेतु 1004 विद्यार्थी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। इन परीक्षाओं के लिए वाणिज्य विभाग, यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, यूआईईटी, विधि संस्थान व विधि विभाग, आर्ट्स फैकल्टी, अंग्रेजी विभाग, कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन्स,भेषज्य विज्ञान संस्थान, आईआईएचएस को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
आज ये होंगी प्रवेश परीक्षा आज
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि रविवार को यूजी-पीजी कोर्स की शृंखला में बीएफए., बीए एलएलबी, एमफार्मेसी, एमबीए (पांच वर्षीय), बीबीए ऑनर्स, बैचलर इन फिजिकल एजुकेशन, एमएससी ग्राफिक्स एनिमेशन एंड मल्टीमीडिया पाठ्यक्रमों की परीक्षा होगी, जिसके लिए 3654 आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।