अकाली दल की बदौलत ही सिखों के हत्यारे सलाखों के पीछे पहुंचे: सुखबीर सिंह बादल
- शिअद की रैली में शिअद नेता ने कांग्रेस पर लगाई आरोपों की बौछार
- पंजाब के सीएम पर सौगंध खाकर झूठ बोलने का भी लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा(कुरुक्षेत्र)। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल(शिअद) के महासचिव सुखबीर सिंह बादल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहाकि कांग्रेस ने हजारों निर्दोष सिखों का कत्लेआम करवाया। लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सिखों के नरसंहार की निष्पक्ष जांच तक नहीं होनी दी। जबकि अकाली दल ने चार साल पहले प्रधानमंत्री मोदी से अपील कर मामले की की एसआईटी से जांच कराई तथा स्पेशल कोर्ट का गठन कर दोषियों को जेल भिजवाने का काम किया।
वो रविवार को पिहोवा में जनचेतना रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहाकि पंजाब में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने झूठ बोलकर तथा सिखों की धार्मिक भावना की आड़ लेकर सत्ता हथियाई है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चुनाव से पहले अकाल तख्त साहिब की ओर हाथ कर सौगंध खाकर कहा था कि सरकार बनने पर हर घर को नौकरी तथा किसानों के सभी कर्ज को माफ कर दूंगा। अब सरकार बनने पर वो अपने वायदे से मुकर गए । उधर, पंजाब सरकार की तर्ज पर राहुल गांधी भी किसानों के कर्ज माफी का ऐलान कर किसानों को गुमराह कर रहा है। सुखबीर बादल ने बार-बार सिख दंगों तथा बंसीलाल के जुल्मों की याद दिलाकर हरियाणा के सिखों को एक झंडे के नीचे एकजुट होने का आह्वान किया। अगर हरियाणा का सिख समुदाय एकजुट होगा तो अकाली दल बादल प्रदेश में 25 से 30 विधान सभा सीट आसानी से अपने नाम कर सकता है। हरियाणा में अकाली दल बादल के बिना सरकार बनना असंभव है। अगर हरियाणा में अकाली दल की सरकार बनती है तो प्रदेश को विशेष सम्मान दिलवाया जाएगा। किसानों के टयूबवैल के बिजली बिल माफ कर उन्हें आर्थिक तौर पर मजबूत बनाने के लिए उनके कर्ज माफ किए जाएगे। अकाली दल नेता पिहोवा में रैली के माध्यम से राजनीति में अपना प्रभाव दिखाने में कामयाब जरुर रहे। लेकिन रैली में अधिकांश लोग पंजाब से लाए गए थे।
सुखबीर बादल को दिखाए काले झंडे
पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की रविवार को पिहोवा में हुई जन चेतना रैली को संबोधित कर रहे पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल को यहां काले झंडे दिखाए गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मंच के करीब पहुंचकर बादल के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। हालांकि इस हंगामे के बीच भी बादल ने अपना भाषण जारी रखा। उन्हाेंने प्रदर्शनकारियों को कांग्रेस का एजेंट करार दिया। वहीं, अचानक हुए इस हंगामे के बीच पुलिस के जवानों ने मामूली बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ा। इसके साथ ही पांच प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के कुछ स्थानीय नेताओं, एचएसजीपीसी, सिख जागरूक मिशन आदि संगठनों ने रैली से पूर्व ही विरोध करने की चेतावनी दी थी।