अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। आईसीआईसीआई बैंक कर्मी बनकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक उपभोक्ता को एटीएम कोड पूछकर 55 हजार रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लाडवा वासी सचिन ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 27 दिसंबर को दोपहर 2 बजकर 25 मिनट पर उसके फोन पर अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड बनाया जा रहा है। इसलिए उन्हें पेन कार्ड, आधार कार्ड, एक फोटो, बैंक की दो महीने की स्टेटमेंट व दो चेक देने होंगे, जिसके बाद क्रेडिट कार्ड की लिमिट 50 हजार से 5 लाख रुपये तक होगी।
इससे संबंधित बैंक का एक अधिकारी उनकी दुकान पर पिपली में आकर आपसे सारे दस्तावेज ले जायेगा। इसके अगले दिन करीब दोपहर ढाई बजे एक व्यक्ति उसकी दुकान पर पहुंचा और उससे पेन कार्ड, आधार कार्ड, एक फोटो, बैंक की दो माह की स्टेटमेंट व दो चेक जिसमें एक चेक कैंसल था और दूसरा बैंक के नाम पर था। उसी दिन करीब 5 बजकर 54 मिनट पर उसके फोन पर एक मैसेज आया कि बैंक खाते से चेक द्वारा 55 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई है, जबकि वह चेक केवल 199 रुपये का था और उन्होंने सालाना फीस बोल कर वह चेक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया लाडवा के नाम पर ले गया था। इस संबंध में जब बैंक प्रबंधक से मुलाकात की तो उन्होंने बताया कि उसके खाता से किसी राकेश सेठी नामक व्यक्ति ने चेक से 55 हजार रुपये निकालवाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।