जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में बनने हैं 54 नए बूथ, राजनीतिक पार्टियों से मांगे सुझाव और आपत्तियां
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि जिले में 54 नए बूथ बनाए जाने प्रस्तावित हैं। राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि इन नए बूथों से संबंधित आपत्तियां और सुझाव पांच फरवरी तक जिला निर्वाचन कार्यालय में दे सकते हैं। वह मंगलवार को देर शाम उपायुक्त कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के मापदंडों के अनुसार जिले में एक मतदान केंद्र पर गांव में 1200 और शहर में 1400 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए। इन निर्देशों का पालन करते हुए निर्वाचन आयोग को मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के प्रस्ताव भेजे जाने हैं। उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र के सभी निर्वाचन, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी इस बारे में समय रहते अपनी रिपोर्ट दें। इससे समय रहते सभी प्रस्तावित बूथों से संबंधित कार्य निपटाया जा सके। चुनाव तहसीलदार रामनिवास ने बताया कि 54 नए पुनर्गठित बूथों में से लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 13 नए बूथ, शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 15 बूथ, थानेसर विधानसभा क्षेत्र में नौ बूथ और पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 17 बूथों सहित कुल 54 नए बूथ बनाए जाने प्रस्तावित हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 199 बूथ, शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 169 बूथ, थानेसर विधानसभा क्षेत्र में 183 बूथ और पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 183 बूथों सहित कुल 734 बूथ स्थापित हैं। इस मौके पर एसडीसी धर्मवीर सिंह, एसडीएम वत्सल वशिष्ठ, एसडीएम शाहाबाद सतबीर कुंडू, नायब तहसीलदार परमिंद्र सिंह, बीडीपीओ कंवर भान सिंह, कानूनगो सुभाष आदि मौजूद थे।