भारतीय संस्कृति से सराबोर हुआ ब्रह्म सरोवर
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पर लगा क्राफ्ट और सरस मेला भारतीय संस्कृति से सराबोर है। मेले के चौथे दिन पर्यटकों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। आयोजकों को उम्मीद है कि अगले दिनों में इससे भी कई गुणा संख्या में लोग देश-विदेश से यहां पहुंचेंगे। बहरहाल सरोवर के पावन तटों पर भारतीय संस्कृति मेला जारी है। इस संस्कृति की महक का एहसास करने के बाद एकाएक शहर और प्रदेश के लोग अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की ओर खिंचे चले आ रहे है। इस महोत्सव में जहां शिल्पकार अपनी शिल्पकला से पर्यटकों को मोहित कर रहे है, वहीं विभिन्न प्रदेशों के लोक कलाकार पर्यटकों का खूब मनोरंजन कर रहे है। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव शिल्प और सरस मेले के दूसरे दिन सुबह और शाम के समय दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों का पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर के लोक कलाकार मनोरंजन करने का काम कर रहे है। उत्तरी तट पर जहां राजस्थानी लोक कलाकार कच्ची घोड़ी नृत्य की प्रस्तुति देकर पर्यटकों को नृत्य करने के लिए उत्साहित कर रहे थे, उत्तर पश्चिमी तट पर बीन-बांसुली की धुन पर लोक कलाकार भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे। इस पावन तट के चारों तरफ किसी न किसी प्रदेश के कलाकार, बाजीगर, बहरुपिये भी पर्यटकों को लुभा रहे थे।
बड़ी संख्या में पहुंचे स्कूल कॉलेजों के ग्रुप
सोमवार को इस शिल्प मेले की रौनक को बढ़ाने का काम विभिन्न स्कूल और कालेजों से आए हजारों विद्यार्थियों ने किया। स्कूल कालेजों के विद्यार्थियों ने मेले का अवलोकन करने के साथ यहां टालों पर परोसे जा रहे देशी तड़के और लजीज व्यंजनों का स्वाद चखा और शिल्प और सरस मेले से खरीददारी सभी की।
पसंद आ रहे हैं सेल्फी प्वाइंट
उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने महोत्सव के शिल्प और सरस मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा तथा 25 नवंबर के कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि शिल्प और सरस मेला पर्यटकों को लुभा रहा है और सेल्फी प्वाइंट भी पर्यटकों अपनी तरफ आकर्षित कर रहे हैं।
ब्रह्मसरोवर पर जुट रही है पर्यटकों की भीड़
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के पावन पर्व पर ब्रहमसरोवर का तट विभिन्न राज्यों की संस्कृति को अपने आगोश में समेट रहा है। इस तट पर विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। पहली बार इस तट पर भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को एक साथ देखने का मौका मिल रहा है। शिल्प मेले के दूसरे दिन चारों तरफ शिल्पकला की छोटी-छोटी दुकानों पर पर्यटक खरीददारी कर रहे है। यह दुकानें भारतीय शिल्पकला के सौंदर्य को भी चरितार्थ कर रही है।
जादूगर सम्राट शंकर का शो 25 नवंबर को
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2017 के दौरान मशहूर जादूगर सम्राट शंकर द्वारा अपनी जादू की विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान 25 नवंबर से 30 नवंबर तक मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर के आडीटोरियम हाल में इन कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रतिदिन दो कार्यक्रमों में दोपहर 1 बजे से 3 बजे व सायं 4 बजे से 6 बजे तक जादू के शो का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की सीईओ पूजा चांवरिया ने दी हैं।