कुरुक्षेत्र। 10 हरियाणा बटालियन एनसीसी बी सर्टिफिकेट की परीक्षा के दौरान सदस्य एवं कैडेट्स। स्व
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडी (आईआईएचएस) की ओर से 10 हरियाणा बटालियन एनसीसी कुरुक्षेत्र के तत्वावधान में एनसीसी बी सर्टिफिकेट परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा दो चरणों लिखित व प्रायोगिक में संपन्न हुई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों और विद्यालयों से करीब 500 एनसीसी कैडेट ने भाग लिया।
परीक्षा का आयोजन कर्नल नितेश, 1 हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, अंबाला ग्रुप के समग्र पर्यवेक्षण में किया गया। अंबाला ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रोहित सहगल ने भी परीक्षा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्राप्त सहयोग से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहीं।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि एनसीसी जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी आयोजकों, एनसीसी अधिकारियों, शिक्षकों और कैडेट के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव ऐसे शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक आयोजनों को प्रोत्साहित करता रहेगा।
आईआईएचएस की प्राचार्या प्रो. रीटा दलाल व सीटीओ एनसीसी डॉ. कविता रानी के नेतृत्व में परीक्षा का संचालन पूरी तरह अनुशासित रहा। एएनओ/सीटीओ, पीआई स्टाफ और आईआईएचएस व यूआईईटी के एनसीसी सी सर्टिफिकेट कैडेट ने भी ड्यूटी में सक्रिय योगदान दिया। परीक्षा में कैथल, कुरुक्षेत्र, लाडवा, पिहोवा, शाहाबाद सहित अनेक संस्थानों के कैडेट ने सहभागिता निभाई।