बाबैन। बाबैन अनाजमंडी में अब तक 4 लाख 28 हजार क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है जबकि 3 लाख 45 हजार क्विंटल धान का उठान किया जा चुका है। मंडी में कुल 4 लाख 51 हजार क्विंटल धान की आवक हुई है। खरीदे गए धान का करीब 81 प्रतिशत उठान पूरा हो चुका है।
शनिवार को मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सिंह ने मंडी में खरीद और उठान कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मंडी में धान की आवक लगातार जारी है। किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए खरीद प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने खरीद एजेंसियों, आढ़तियों और कर्मचारियों को आपसी तालमेल से काम करने और खरीदे गए धान का उठान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
-
उठान में तेजी लाने के निर्देश
मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सिंह ने कहा कि धान का समय पर उठान होने से मंडी में जगह खाली होगी और फसल लेकर आने वाले अन्य किसानों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को खरीद और उठान में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों से निर्धारित मानकों के अनुसार धान मंडी में लाने की अपील की, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। इस दौरान इंस्पेक्टर अनूप सिंह, सुपरवाइजर कर्ण सिंह और आदित्य दहिया मौजूद रहे।