आंगनबाड़ी में बच्चों को दिए खाद्य पदार्थों में निकले कीड़े
- सरपंच ने मौके आंगनबाड़ी वर्कर को लगाई लताड़
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। गांव बरोट के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को खाने में दिए मूंगफली के दानों में कीड़े व सुरसुरी पाई गई। गांववासी की शिकायत पर गांव के सरपंच ने खुद जाकर मूंगफली के दानों की जांच की और उसमें सुरसुरी पाए जाने पर आंगनबाड़ी वर्कर को लताड़ लगाई।
मामला वीरवार का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वीरवार को गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को खाने के लिए मूंगफली के दाने दिए गए, जिनमें कीडे़ लगे थे। गांववासी राजेश ने इसकी जानकारी सरपंच धर्मबीर को दी। शिकायतकर्ता राजेश ने आंगनबाड़ी केंद्र जाकर गांव के कई लोगों के सामने बच्चों को बांटे गए मूंगफली के दानों की जांच की और उनमें कीडे़ व सुरसुरी भी दिखाए।
शुक्रवार को गांव के सरपंच धर्मबीर सिंह ने मौके पर जाकर आंगनबाड़ी केंद्र में खाने की जांच की तथा खाने के सामान में कमी भी पाई। सरपंच ने गांव की एक बैठक बुलाई। इसमें शिकायतकर्ता राजेश, आंगनबाड़ी वर्कर ममता व गांव के अनेक व्यक्ति शामिल हुए। बैठक में सरपंच ने आंगनबाड़ी वर्कर को लताड़ लगाई और खाने को अच्छी तरह से साफ करके बच्चों को बांटने की हिदायत दी। ममता ने कहा कि आगे से सामान की अच्छी तरह से जांच कर तथा साफ कर खाने का सामान बच्चों को बांटा जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्र में खराब खाना भेजा गया तो उसे उतरने नहीं दिया जाएगा तथा इसकी सूचना सरपंच व विभाग को दी जाएगी। शिकायतकर्ता राजेश पांचाल ने बताया कि इस मामले में सरपंच की कार्यवाही से वह संतुष्ट हैं।
दी गई हिदायत: सरपंच
गांव के ही राजेश पांचाल ने शिकायत दी थी। इस पर शुक्रवार को केंद्र में जाकर सामान की जांच की, जिसमें कुछ कमियां भी पाई गईं। आंगनबाड़ी वर्कर को चेतावनी दी है तथा खाने को अच्छी तरह से साफ करके बच्चों को बांटने की हिदायत दी गई है।
धर्मबीर, सरपंच, गांव बरोट