पुलिस के समक्ष ही जमकर बजाए बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के कड़े आदेशों के बावजूद भले ही पुलिस प्रशासन पिछले कुछ दिनों से यातायात नियमों की पालना को लेकर बेहद गंभीरता बरतने के दावे कर रहा है और दो पहिया वाहन चालकों के नियमों की अवहेलना पर बड़ी संख्या में हर रोज चालान किए जा रहे है। इसके बावजूद यह सभी आदेश शनिवार को उस समय धरे के धरे रह गए जब भाजपा की केंद्रीय सरकार के चार वर्ष पूरा होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए बाइक रैली निकाली, जिसमें यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई गई। इस रैली को सर्किट हाउस से पार्टी जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर व वरिष्ठ युवा नेता साहिल सुधा ने रवाना किया। हालांकि उन्होंने इस दौरान नियमों की पालना करने का आह्वान किया, लेकिन रैली शुरू होते ही हुड़दंग का रूप लेने लगी। अधिकतर युवा जहां बिना हेलमेट के बाइक दौड़ाते रहे तो वहीं अनेकों बाइक पर तीन-तीन कार्यकर्ता भी सवार रहे। यहां तक बुलेट मोटरसाइकिल से जमकर पटाखे बजाए गए तो वहीं चलती मोटरसाइकिलों पर खड़े युवा सेल्फी से लेकर फोटो खिंचने में भी व्यस्त रहे। युवाओं की मनमानी के आगे पुलिस भी उस समय बेवश नजर आई जब कई युवा रैली के आगे चल रही पीसीआर पर भी चढ़ गए और नारेबाजी करते रहे। बाइक रैली के ये हालात देख जहां अनेकों राहगिरों ने पहले ही किनारा कर लिया तो वहीं सर्किट हाउस से लेकर नए बस अड्डे तक जाम की स्थिति भी बनी रही और बस अडडे के समक्ष लगे जाम में एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से की जाएगी नियमों की अवहेलना की जांच : एसपी
एसपी अभिषेक गर्ग का कहना है कि बाइक रैली के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना की गई है, यह जानकारी में नहीं है। निमयों की अवहेलना करने की इजाजत किसी को भी नहीं है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से रैली के दौरान नियमों की अवहेलना किए जाने की जांच की जाएगी। पुलिस नियमों को लेकर बेहद सख्ती बरते हुए है। भविष्य में ऐसे सभी आयोजनों से पहले आयोजकों को यातायात नियमों की पालना करने के लिए निर्देश दिए जाएंगे।
यहां से निकली गई रैली
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर ने बताया कि रैली सर्किट हाउस से नया बस अडडा होते हुए खेड़ी मारकंडा, रत्न डेरा, बिशनगढ़, भिवानी खेड़ा, ज्योतिसर, मिर्जापुर, बारवा, हथीरा, किरमिच, कुंवार खेड़ी, सलारपुर से होते हुए खेड़ी ब्राहमणान से वापस कुरुक्षेत्र लौटी। इस रैली का उद्देश्य लोगों को केंद्र सरकार द्वारा चार वर्षों में किए गए जनहित के कार्यों के प्रति जानकारी देना रहा।