गीता ज्ञान यज्ञ में गीता मनीषी डालेंगे पूर्णाहुति : मिश्र
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
मातृभूमि सेवा मिशन की 18 दिवसीय विश्व कल्याण महायज्ञ एवं दैनिक गीता ज्ञान यज्ञ की पूर्णाहुति गीता जन्म स्थली ज्योतिसर में गीता जयंती के समापन अवसर पर दी जाएगी। मिशन के संयोजक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने बताया कि यह दैनिक गीता ज्ञान यज्ञ मातृभूमि सेवा मिशन के तत्वावधान में 11 दिसंबर से कुरुक्षेत्र संस्कृत वेद पाठशाला के वैदिक ब्रह्मचारी प्रतिदिन गीता जन्मस्थली ज्योतिसर में गीता के एक अध्याय की आहुति दे रहे हैं।
इस दैनिक गीता ज्ञान यज्ञ में वर्षभर में भारत के अनेक प्रांतों और विश्व के अनेक देशों के प्रतिनिधियों ने इस यज्ञ में अपनी आहुति दी है। सुबह के समय होने वाला यह दैनिक गीता ज्ञान यज्ञ ज्योतिसर तीर्थ पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र रहा है। मिशन गीता के प्रचार प्रसार के लिए हर संभव प्रकार से संकल्पित है। उन्होंने कहा कि गीता से आध्यात्म और ईश्वर के बीच जो गहरा संबंध है, उसके बारे में विस्तार से बताया गया है। गीता में ही मनुष्य को धीरज, संतोष, शांति, मोक्ष और सिद्धि को प्राप्त करने के सभी मार्ग निहित हैं।