अतिथि अध्यापकों का धरना जारी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
अतिथि जेबीटी अध्यापकों को नियमित करने की मांग को लेकर लगभग एक माह से राज्यमंत्री कृष्ण बेदी के निवास पर धरना दे रहे अतिथि अध्यापकों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। धरने में लाडवा ब्लॉक के तजिंद्र सिंह, चरणजीत सिंह, मीना कुमारी, जसविंद्र सिंह, प्रवीण कुमार बैठे। अध्यापकों ने कहा कि भाजपा सरकार ने उनके साथ धोखा किया है। चुनाव से पहले भाजपा के नेता अतिथि अध्यापकों के साथ बैठकर प्रदर्शन करते थे। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में सबसे पहले अतिथि अध्यापकों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनते ही भाजपा नेता इन्हीं अतिथि अध्यापकों से मुंह छिपा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनेक वर्षों तक अतिथि अध्यापक स्कूलों में अपनी सेवाएं देते रहे। इस दौरान अनेकों अध्यापकों की उम्र ज्यादा हो गई और उन्हें अब कहीं भी नौकरी नहीं मिल सकती। ऐसे में क्या भाजपा ने अतिथि अध्यापकों के साथ ज्यादती की है। उन्होंने कहा कि अतिथि अध्यापक प्रदेश के सभी मंत्रियों के निवास स्थान पर धरना दे रहे हैं ताकि उनकी आवाज कोई तो सुने।