राष्ट्रीय स्तर पर काम करेगा रक्त सेवक परिवार : चंढौक
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
रक्त सेवक परिवार शाहाबाद और अंबाला की संयुक्त बैठक रविवार को शिव शक्ति मंदिर में हुई। इसमें रक्त सेवक परिवार की संख्या बढ़ाने, रक्त कोष की स्थापना सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई। रक्त सेवक परिवार शाहाबाद से गगन चंढौक ने बताया कि रक्त सेवक परिवार राष्ट्रीय स्तर पर काम करेगा, ताकि देश के किसी भी कोने में रक्त की कमी के कारण किसी व्यक्ति की जान न जाए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए देश के सभी राज्यों में टीम तैयार की जा रही है। चंढौक ने कहा कि जीटी रोड पर अनेकों स्थानों पर ब्लड बैंक का निर्माण किया जाएगा और नि:शुल्क रक्त सेवा की जाएगी। गगन ने कहा कि जल्द ही इस परिवार द्वारा टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। इससे आपात स्थिति में लोग रक्त के लिए इस नंबर पर सीधा संपर्क कर सकेंगे। फिलहाल यह ग्रुप व्हाट्सएप फेसबुक और फोन पर कार्य कर रहा है। चंढौक ने बताया कि अब तक यह परिवार करीब सात हजार यूनिट रक्त दान कर चुका है। 1100 लोग इस परिवार के साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस रक्त परिवार के अस्तित्व में आने के बाद दुर्लभ ग्रुप के रक्त की भी कमी नहीं रही है। इसके सदस्य दूर दराज रक्तदान करने के लिए जा रहे हैं। अंबाला शाखा के राजेश वैद्य ने कहा कि शुरुआती दौर में ब्लड बैंक का निर्माण अंबाला बलदेव नगर में किए जाने की है। इसके बाद शाहाबाद में ब्लड बैंक खोलने पर काम होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि यदि कोई रक्तदाता शहर से दूर रक्तदान के लिए जाता है तो उसे आने-जाने का खर्चा दिया जा सके। इस अवसर पर विशाल गुप्ता, सूरज प्रकाश, आशीष कोहली, अवशीष शर्मा, अभिषेक सचदेवा, मुनीष भाटिया, सुखविंद्र कंबोज, डिंपल चीमा, कपिल, शुभम साहनी आदि मौजूद रहे।