कुरुक्षेत्र। बारिश के मौसम के बीच मलेरिया व डेंगू पर विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोजाना पांच से छह हजार घरों को जांच रही है। बुखार का मरीज मिलने पर टीम सदस्य मरीज की काउंसलिंग कर मलेरिया की जांच करा रही है, वहीं स्कूलों में बच्चों को जागरूक करने के लिए डेंगू रोधी माह के कार्यक्रम के तहत मलेरिया व डेंगू पर प्रतियोगिता करा रही है। विजेता बच्चों को बाकायदा पुरस्कार दिया जा रहा है।
पांच जुलाई को जिले में मलेरिया का केस मिलने के बाद से विभाग में एकाएक हलचल बढ़ गई है। मौसम की अदला-बदली से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। ऐसे में विभाग की सांसें भी फूली हुई है। विभाग ने जिलेभर की 422 पंचायतों के लिए प्लानिंग बना काम शुरू कर दिया है। विभाग ने बीडीपी को सभी पंचायतों के लिए फोगिंग दवा दी है। पंचायतें अब अपने स्तर पर फोगिंग कराएंगी।
135 टीमों में कर रहे करीब एक हजार कर्मचारी काम
स्वास्थ्य विभाग की 135 टीमें जिलेभर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है। इन टीमों में करीब एक हजार कर्मचारी काम कर रहे हैं। उक्त कर्मचारी लोगों के घरों में डोर टू डोर जाकर लारवा संबंधी जांच व बीमारी लोगों की जांच कर रही हैं। टीम ने खेडी रामनगर, कलाल माजरा में एंटी लारवा गतिविधियां की, वहीं आर्यन स्कूल कैलाश नगर में मलेरिया व डेंगू के लिए प्रतियोगिता कराई, जिसमें विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
417 को लारवा मिलने पर नोटिस
विभाग की टीम अभी तक 417 लोगों को लारवा मिलने पर नोटिस थमा चुका है। शनिवार को विभाग की टीम ने 71 जगहों पर डेंगू का लारवा नष्ट कराया। चार लोगों को नोटिस दिया। अभी तक विभाग 447 लोगों की मलेरिया संबंधी जांच करा चुका है। जिले में अभी तक एक मलेरिया व एक डेंगू के मरीज की पुष्टि हुई है। मलेरिया के मरीज का जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा है। 17 दिनों तक मरीज अस्पताल में ही दाखिल रहेगा। तीन साल से जिला मलेरिया मुक्त था। स्वास्थ्य विभाग की टीम को कलाल माजरा गांव में अस्थायी तौर पर रह रहे व्यक्ति में मलेरिया का संक्रमण मिला था। जोकि उतर प्रदेश का स्थायी निवासी है।
कराई जा रही फोगिंग व लोगों के स्वास्थ्य की जांच : डॉ. प्रदीप
मलेरिया नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप का कहना है कि विभाग डेंगू व मलेरिया को लेकर अलर्ट है। बीडीपीओ को 422 पंचायतों की फोगिंग के लिए दवा दी है। जल्द ही सभी गांव में पंचायतें फोगिंग कराएंगी। शनिवार को मोहन नगर वार्ड नंबर सात में फोगिंग कराई गई। किसी भी स्तर पर ढील नहीं बरती जा रही।