कुरुक्षेत्र कोरोना की जांच करवाते मरीज।
- फोटो : Kurukshetra
मौसम परिवर्तन के साथ-साथ बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामले ने एक बार फिर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार जिलेभर के अलग-अलग जगह से सात छात्र एवं छात्राएं कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, इसके अलावा 12 गृहिणियों और एक चिकित्सक सहित 41 नये कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं।
विद्यार्थियों में गांव तंगौर से 15 वर्षीय छात्र, कीर्ति नगर से 17 वर्षीय छात्र, बाहरी महोल्ला से सात वर्षीय छात्रा, तंगौर से 15 वर्षीय छात्रा, कीर्ति नगर से 19 वर्षीय छात्र, खेड़ी रामनगर से 17 वर्षीय छात्रा और इसी जगह से एक छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं सेक्टर-4 से महिला चिकित्सक भी कोरोना संक्रमित मिली है। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र से 28 मरीजों को एक ही दिन में ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके साथ-साथ कुरुक्षेत्र में कोरोना से संक्रमित 41 नए केस सामने आए हैं। कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस से संक्रमित अब तक 6949 मरीज ठीक होकर घर लौट गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 129207 में से 120830 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जिले में अब तक 7365 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 6949 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं और 108 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। इस प्रकार कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस के 308 एक्टिव केस हैं।