संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। माइनिंग प्रोजेक्ट में हिस्सेदार बनाने का लालच देकर एक युवक से 40 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने पीड़ित को हर हफ्ते मुनाफा देने का झांसा दिया, लेकिन बाद में रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शुरुआत में शिकायत पर कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद युवक ने अदालत का रुख किया। इसके बाद अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
निवारसी के रहने वाले मोहित सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान उनकी संयम मित्तल से दोस्ती हुई। संयम मित्तल उनके दोस्त सचिन नेहरा की फर्म में हिस्सेदार था। वर्ष 2020 में संयम की देहरादून में सगाई हुई थी। इसके बाद संयम के रिश्तेदार विकेश, प्रदीप, परिस, सनी, पुलकित और मनोज गुप्ता ने मोहित को देहरादून में स्टोन क्रशर तथा माइनिंग प्रोजेक्ट का लालच दिया।
आरोपियों ने मोहित को माइनिंग साइट दिखाई और सरकारी बिडिंग की नोटिफिकेशन भी दिखाई। उन्होंने उसे हिस्सेदार बनाने के लिए 40 लाख रुपये का हिस्सा डालने को कहा। मोहित ने समय मांगा, लेकिन आरोपी बार-बार फोन कर दबाव डालते रहे कि बिडिंग का समय बहुत कम है। भरोसे में आकर मोहित ने विकेश की फर्म के खाते में आरटीजीएस के जरिए 40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने वादा किया था कि जनवरी 2021 से काम शुरू होगा और हर हफ्ते मुनाफा मिलेगा, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। जब मोहित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। मार्च 2021 में देहरादून पहुंचने पर आरोपियों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और झूठे मामले में फंसाने व मारने की धमकी दी। मोहित ने 12 अक्टूबर 2021 को एसपी को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंत में 18 दिसंबर 2025 को उन्होंने अदालत में याचिका दायर की। अब अदालत के आदेश पर लाडवा थाना में पुलिस ने अब धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।