शाहाबाद। मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड मेडिकल ट्रस्ट के 38 चिकित्सक वेतन न मिलने पर सोमवार को सामूहिक अवकाश पर चले गए। इससे अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचे मरीज परेशान रहे। इस दौरान आपातकालीन एवं इंडोर सेवाएं जारी रखी गईं।
चिकित्सकों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। तीन जून को हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा के समक्ष भी समस्या रखी थी और ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इसी के चलते चिकित्सकों ने सामूहिक अवकाश का फैसला लिया है। वहीं निर्माण कार्य भी बंद कर दिया गया है।
ं16 जून की बैठक में होगा समाधान : झींडा
एचएसजीएमसी अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि चिकित्सकों के सामूहिक अवकाश का मामला उनके संज्ञान में है। 16 जून को एचएसजीएमसी की जनरल हाउस बैठक बुलाई गई है, जिसमें मीरी-पीरी संस्थान की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा।
संस्थान को बादल परिवार को सौंपने की रची जा रही साजिश : बलजीत सिंह दादूवाल
धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने इस पूरे मामले में एचएसजीएमसी अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा और सीईओ संदीप इंद्र सिंह चीमा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दोनों बादलों के साथ मिलकर मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज को बादल परिवार के हवाले करने की साजिश रच रहे हैं, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। दादूवाल ने चिकित्सकों से अपील की कि वे मानवता के हित में अपनी सेवायें जारी रखें और किसी कथित षड्यंत्र का हिस्सा न बनें।
अन्य कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
संस्थान के प्रशासनिक, पैरामेडिकल और अन्य कर्मचारियों में भी रोष दिखाई देने लगा है। सोमवार को अन्य कर्मचारियों ने अस्पताल के सीईओ संदीप इंद्र सिंह चीमा को पत्र सौंपा और एक सप्ताह के भीतर वेतन जारी न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। सीईओ संदीप इंद्र सिंह चीमा ने बताया कि चिकित्सकों की मांगों से एचएसजीएमसी अध्यक्ष जगदीश सिंह झिंडा को अवगत करा दिया गया था और चिकित्सकों ने अध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा था। जिस पर एचएसजीएमसी अध्यक्ष जगदीश सिंह झिंडा ने आश्वासन दिया था कि चार जून को बैठक कर वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा, लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया गया। चिकित्सकों का दो माह का वेतन करीब तीन करोड़ बनता है। चिकित्सकों से मंगलवार को ड्यूटी पर लौटने की अपील की गई है।
शाहाबाद। मीरी-पीरी में सूनी पड़ी ओपीडी।
शाहाबाद। मीरी-पीरी में सूनी पड़ी ओपीडी।