बाबैन। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया और जिला शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक स्तर पर माय भारत क्विज का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। सांसद एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में यह शैक्षणिक पहल की जा रही है।
ब्लॉक के लगभग 3500 विद्यार्थी इस प्रारंभिक परीक्षा में हिस्सा लेंगे। माय भारत क्विज प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 23 नवंबर को खंड शिक्षा कार्यालय बाबैन में चयनित विद्यालयों के नोडल शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में क्विज की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में नोडल शिक्षकों को प्रतियोगिता के उद्देश्य, परीक्षा प्रक्रिया, नियमों और संचालन संबंधी सभी आवश्यक जानकारियां दी जाएंगी। क्विज के पाठ्यक्रम पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
क्विज का उद्देश्य : माय भारत क्विज’’ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के साथ विद्यार्थियों को देश के इतिहास, राष्ट्रीय अस्मिता और सांविधानिक मूल्यों से जोड़ने का एक प्रयास है। विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों की जानकारी दी जाएगी। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की ऐतिहासिक विकास यात्रा और उसके सम्मान के बारे में बताया जाएगा। संविधान निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य भी साझा किए जाएंगे। संवाद