कुरुक्षेत्र। शिविर में जांच करती चिकित्सक। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सशक्त बनाने के लिए नवीन जिंदल फाउंडेशन, रेडक्रॉस और जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से टीबी जांच व जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन सोमवार को सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक गुरु रविदास धर्मशाला वार्ड नंबर-दो में किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को तपेदिक जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सचेत करना, समय पर जांच उपलब्ध कराना और उपचार की दिशा में मार्गदर्शन देना रहा।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जनरल ओपीडी में 125, आरबीएस में 113, एचआईवी में 108 लोगों की जांच की।
इसके साथ ही यूनिस्पिटल हेल्थकेयर अंबाला की टीम की ओर से छाती के एक्स-रे जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं जिससे बीमारी की पहचान समय रहते की जा सके। ऐसे 72 लोगों का एक्स-रे भी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जनरल ओपीडी के माध्यम से लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां भी वितरित की। मोबाइल मेडिकल यूनिट ने मौके पर ही 137 मरीजों को परामर्श, परीक्षण और नि:शुल्क दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई। शिविर में आने वाले लोगों के लिए मास्क, दवाइयां, जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई।
नवीन जिंदल ने निक्षय मित्र बन 50 टीबी मरीज लिए गोद
सांसद नवीन जिंदल ने निक्षय मित्र बनकर 50 टीबी मरीजों को गोद लिया है। इन मरीजों को मौके पर ही सांसद ओर से एक माह के लिए पोषण खाद्य सामग्री भी दी गई। इस पहल के अंतर्गत इन मरीजों को छह महीने तक राशन उपलब्ध कराया जाएगा और उन्हें टीबी से पूरी तरह स्वस्थ करने के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी।