एक साल से पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने लघु सचिवालय के बाहर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र । खेड़ी रामनगर में स्थित दिल्ली वाले डेरे के लोगों ने मंगलवार को भीषण गर्मी के चलते पानी की समस्या को लेकर जिला सचिवालय पर प्रदर्शन करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा । प्रदर्शन कर रही महिलाओं में से चंद्ररेखा, निर्मला, आशा, रीना रानी, सुनीता, संगीता, सोना, किरण, सुलेखा आदि ने बताया कि लगभग एक साल से डेरे के लोग पानी की समस्या का सामना करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पानी की समस्या से संबंधित मामले में कई बार गांव के सरंपच, विधायक, सीएम विंडो पर मुख्यमंत्री के नाम शिकायत दे चुके हैं, लेकिन इनकी तरफ से केवल झूठा आश्वासन मिल चुका है।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि दिल्ली वाले डेरे पर 500 से अधिक घर हैं, लेकिन पानी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है, जिसको लेकर गांव की महिलाएं सुबह-सुबह लोगों के घर पानी लाने को मजबूर हो रही है। कई बार लोग महिलाओं को यह कह देते हैं कि हम काम पर जाएं या तुम्हारे बच्चों के लिए पानी दें। गर्मी के चलते हमारे बच्चे पीने के पानी के लिए बिलख रहे हैं, लेकिन प्रशासन सो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से डेरे के लोगों द्वारा पानी की समस्या को लेकर मांग उठाई जा रही है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही हैं ।