निजी स्कूल 134 ए की विसंगतियों व फर्जीवाड़े के खिलाफ खोला मोर्चा
लाडवा । मान्यता प्राप्त स्कूल एसोसिएशन ने सरकार के 134 ए के तहत कराए जा रहे दाखिलों के प्रति मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने मंगलवार देर शाम एक निजी होटल में प्रेस वार्ता करके 134 ए की आड़ में हो रहे फर्जीवाड़े, विसंगतियों व मान्यता प्राप्त स्कूलों के शोषण का कच्चा चिट्ठा खोला।
लाडवा मान्यता प्राप्त स्कूल एसोसिएशन ने पत्रकारवार्ता से पहले बैठक की, जिसमें निजी स्कूल कल्याण मंच कुरुक्षेत्र व लाडवा ब्लॉक के 26 मान्यता प्राप्त स्कूल शामिल हुए। प्रेस वार्ता में मान्यता प्राप्त स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार ने 134 ए के तहत निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिले तो हर बार करा दिए, लेकिन पिछले चार-पांच साल से आज तक किसी भी स्कूल को प्रतिपूर्ति राशि नहीं दी गई है। नियम 134 ए की विसंगतियों पर बात करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि 134 ए के लिए परीक्षाएं अप्रैल के बजाय मार्च में ली जानी चाहिए ताकि अप्रैल में दाखिले होकर इन बच्चों की पढ़ाई शुरू हो सके। गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को 134 ए का लाभ नहीं दिया जाना चाहिए। यदि गैर मान्यता प्राप्त स्कूल में पढ़ रहे विद्यार्थियों को 134 ए का लाभ दिया जाता है तो गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को भी 134 ए की कटेगिरी के दायरे में लाया जाए। वहां भी 134 ए के तहत दाखिले दिए जाएं। वहीं 134 ए नियमों की आड़ में हो रहे फर्जीवाड़ के बारें में बात करते हुए कहा कि 134 ए में ऐसे लोग भी दाखिला ले रहे हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नही हैं, लेकिन 134 ए का लाभ लेने के लिए फर्जी आय प्रमाणपत्रों का सहारा ले रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यालयों को अधिकार दिया जाए कि वे आय प्रमाणपत्रों को स्वयं सत्यापित कर सकें ताकि सही पात्र ही इसका लाभ ले सकें। 134 ए का लाभ पाने परिवार से आय प्रमाणपत्र हर वर्ष लिया जाना चाहिए। आय प्रमाण पत्र में कोई कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया जाए। बैठक में टैगोर हाई स्कूल, यूनिक शिक्षा निकेतन, जयहिंद पब्लिक स्कूल, दून स्कूल, जयभारत हाई स्कूल, न्यू जनता हाई स्कूल, सुगनी देवी आर्य कन्या स्कूल, संजय गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गीता सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनपीएस हाई स्कूल, विवेकानंद हाई स्कूल, महा लक्ष्मी शिक्षा निकेतन, निवेदिता पब्लिक स्कूल, सीके माडर्न स्कूल, नेशनल पब्लिक स्कूल, शहीद भगत सिंह स्कूल सहित अनेक स्कूलों के प्रिंसिपल व प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित थे।