छोटे भाई को ट्रैक्टर से बांधकर गांव की गलियों में घसीटा
-छोटे भाई की नशे और चोरी की लत से गुस्से में था बड़ा भाई
-वारदात का वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
गांव सैयाणा सैदां में शुक्रवार देर रात को एक व्यक्ति ने अपने भाई को ट्रैक्टर से बांध कर पूरे गांव की गलियों में घसीटा। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई को यह सजा उसके नशे और चोरी की लत खफा होकर दी। इस घटनाक्रम का वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और छोटे भाई को इस तरह की सजा देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
गांव वासी जरनैल सिंह और करनैल सिंह दोनों सगे भाई हैं। जरनैल सिंह गांव के ही एक व्यक्ति के पास रहकर मजदूरी करके गुजारा कर रहा था, जबकि उसका छोटा भाई करनैल सिंह नशे का आदी है और पूरी तरह से अपने भाई जरनैल सिंह पर आश्रित है। बताया गया है कि करनैल सिंह नशे की लत को पूरा करने के लिए पिछले दिनों में अपने घर के सामान से लेकर भाभी के गहने और खाने के लिए रखे अनाज भी बेच चुका है। बताया गया है कि करनैल सिंह की इन हरकतों से तंग जरनैल सिंह पत्नी अपने मायके में जा चुकी है। इन्हीं हरकतों के चलते जरनैल सिंह काफी परेशान था। बीते शुक्रवार को भी करनैल सिंह ने घर का सामान बेच दिया और शराब पीकर घर लौटा। उसे देखकर जरनैल और भी गुस्सा हो गया और उसे सबक सिखाने की ठान ली। उसने अपने भाई को ट्रैक्टर के पीछे बांध लिया और उसे गांव की गलियों से घसीटने लगा। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से करनैल सिंह को उसके भाई के चंगुल से आजाद कराया।
घटना के बाद भाई को घर में बंद कर दिया
अपने छोटे भाई को बुरी तरफ घायल करने के बाद भी जरनैल सिंह का दिल नहीं पसीजा। उसकी इस हरकत से बुरी तरह से जख्मी हुए अपने छोटे भाई को घर में बंद कर दिया। जहां वो दर्द से तड़पता रहा। उसके बाद किसी तरह गांव के लोगों ने स्थानीय डॉक्टर से उसकी मरहम पट्टी करवाई।
वीडियो से गिरफ्त में आया आरोपी
जब जरनैल सिंह अपने छोटे भाई को ट्रैक्टर से बांधकर गलियों में घसीट रहा था तब इसी दौरान किसी गांव वासी ने उसकी वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि वीडियो के जरिये पुलिस के संज्ञान में यह मामला आया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।