कुरुक्षेत्र। विधानसभा क्षेत्र चुनाव के चलते रोडवेज की 31 के करीब बसें प्रशासनिक सेवाओं में रहेगी, जिसके चलते कई लोकल रूट प्रभावित होने के आसार बने हुए है। मतदान के चलते कई लोकल रूटों पर बस सेवा न होने से परेशानी का सामना करने की संभावना बनी हुई है। इनमें 10 बसें पोलिंग पार्टियों को बूथ से मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार सुबह से ही लगी हुई थी, जबकि 21 बसें शनिवार को प्रशासनिक सेवाओं में तैनात की जाएगी, जो कि पोलिंग पार्टियों को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने में तैनात रहेंगी। यह बसें जिले भर के लोकल रूटों से ली गई है, जिससे लाडवा, कैथल, पिहोवा, ठोल, इस्माईलाबाद, बाबैन सहित कई अन्य गांवों के रूट भी प्रभावित होने की संभावना है। इन बसों के लोकल रूटों से हटने के चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। रोडवेज कर्मचारियों के मुताबिक चुनाव में अभी 31 बसों की ड्यूटियां लगाई गई, जो कि अभी बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है।
रूट नहीं होंगे बाधित : शेर सिंह
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना की प्रशासनिक आदेश के चलते 16 बसों को पोलिंग पार्टियों को स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के लिए तैनात किया गया है। इससे किसी भी तरह का कोई रूट प्रभावित होने की संभावना नहीं है।