कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय हाॅल में 27वें हरियाणा स्टेट गेम्स का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ रविवार को हुआ। पहली बार योगासन खेलों को प्रतियोगिता में स्थान मिला है। कंपटीशन डायरेक्टर डॉ. कोमल कौशिक ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में योगासन के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। 13 साल के लंबे इंतजार के बाद योगासन फिर से राज्य स्तर पर चमक दिखा रहा है।
योगासन में पुरुष और महिला वर्ग के तहत चार श्रेणियों पारंपरिक योगासन, आर्टिस्टिक सोलो, आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर में मुकाबले होंगे। प्रदेशभर से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पहुंच चुके हैं। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ग्रेडेशन सर्टिफिकेट दिए जाएंगे जिससे उनका खेल भविष्य मजबूत होगा। डॉ. कौशिक ने बताया कि खेलों में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए रहने, परिवहन, चिकित्सा और भोजन की बेहतरीन व्यवस्था की गई है। साथ ही उन्होंने हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल और हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य को योगासन को स्टेट गेम्स में शामिल कराने का श्रेय दिया।