कुरुक्षेत्र। अल साल्वाडोर भेजने का झांसा देकर 26 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने दो एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी एजेंट मोहम्मद इसरार अहमद और जोनी उर्फ फतेह खान ने शिकायतकर्ता के दोस्त के भांजे हितेश व यशपाल से 15 लाख और साझेदार के भांजे जयदेव व रमनदीप से 11 लाख रुपये लिए थे।
थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में मनीष कुमार निवासी 7-बी ने बताया कि छह मार्च को आरोपियों ने हितेश, यशपाल, जयदेव व रमनदीप को अल साल्वाडोर भेजने के लिए 26 लाख रुपये लिए थे। नौ मार्च को आरोपियों ने हितेश और यशपाल को अलमाटी भेज दिया। यहां से उनको मैक्सिको भेजा तो वहां एयरपोर्ट से उनको डिपोर्ट कर दिया। आरोपियों ने रुपये लौटाने की बजाय किसी दूसरे युवक को भेजने का झांसा दिया। उसके बाद आरोपियों ने उसके साझेदार प्रदीप राणा के भांजे जयदेव और उसके दोस्त रमनदीप को मालदीव, जॉर्डन, मॉरीशस सहित कई देश में घुमाकर डिपोर्ट करवा दिया। रुपये मांगने पर आरोपियों ने लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।