लाडवा। रादौर रोड़ पर जनदेड़ा गांव के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से भाग गया। मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय सचिन निवासी गांव छलौंदी के रूप में हुई है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में मृतक के पिता जयराम ने बताया कि उसका बेटा सचिन बिजली का काम करता है। वीरवार सुबह उसके दोनों बेटे बाइक पर सवार होकर छलौंदी से गांव जनदेड़ा जा रहे थे। थोड़ी दूर पहुंचने के बाद एक बाइक सवार व्यक्ति ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सचिन सड़क पर नीचे गिर गया और बुरी तरह घायल हो गया। उसके दूसरे बेटे ने फोन कर उसे सूचना दी। वे पड़ोसी की कार लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा ले जाया गया। चेकअप करने के बाद डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।