संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में आज रविवार को राज्य स्तरीय योग मैराथन होगी, जिसमें 25 हजार लोग दौड़ेंगे। जिला प्रशासन और खेल विभाग की तरफ से सभी प्रबंध पूरे किए हैं। मैराथन को 15 जून को सुबह छह बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी देकर रवाना करेंगे। मैराथन के पहले 20 प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणा खेल विभाग के महानिदेशक एवं अंबाला मंडल आयुक्त संजीव वर्मा व उपायुक्त नेहा सिंह ने शनिवार को ब्रह्मसरोवर और रूट पर योग मैराथन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस को कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था और वाहनों का रूट डायवर्जन करने के निर्देश दिए। मंडल आयुक्त संजीव वर्मा ने कहा कि जो ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सके, उनके लिए 15 जून को सुबह 5:30 बजे तक आवेदन करवाने की व्यवस्था की गई है।
आवेदन करने वालों को एक धावक नंबर दिया जाएगा, जो 20 प्रतिभागियों का नकद पुरस्कार के लिए चयन करेंगे। महिला और पुरुष वर्ग में अलग-अलग प्रथम को 51 हजार, दूसरे को 31 हजार, तीसरे को 21 हजार और अन्य सात-सात को 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैराथन का समापन पुरुषोत्तमपुरा बाग में होगा। जहां पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित करेंगे।