संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। विदेश भेजने के नाम पर 25 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। थाना कृष्णा गेट पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव हसनपुर निवासी कुलदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि वह नई अनाज मंडी में आढ़ती का मुनीम है। उनकी दुकान पर तरावड़ी अनाज मंडी से शाम लाल आते रहते थे। अक्तूबर 2021 में शाम लाल व उसके रिश्तेदार गांव शांभली मुनीष शर्मा आए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उनका जानकार दिल्ली निवासी गुरप्रीत ढिल्लो लोगों को अमेरिका भेजने का कम करता है। शाम लाल व मुनीष शर्मा ने उसे अपनी बातचीत से पूरा विश्वास दिलाया कि वे उसके बेटे सहजप्रीत सिंह को अमेरिका में गुरप्रीत ढिल्लों के माध्यम से भेज देंगे। इसके लिए 25 लाख रुपये देने होंगे।
ि
शकायतकर्ता उनकी बातों में आ गया। आरोपियों ने कागजात तैयार कराने के लिए सहजप्रीत सिंह का आधार कार्ड , पासपोर्ट की फोटोकॉपी तैयार रखने के लिए कहा। आठ नवंबर 2021 को ही शाम लाल व मुनीष शर्मा ने सहजप्रीत सिंह का आधार कार्ड ,पासपोर्ट की फोटो कापी व प्रमाण पत्र तथा कुलदीप सिंह के पैन कार्ड की कापी व तीन लाख रुपये लिए। 13 नवंबर 2021 को आरोपित का मैसेज आया कि वह बाकी 22 लाख रुपये लेकर तरावड़ी अनाज मंडी में आ जाए। शिकायतकर्ता ने अपने दोस्तों से 22 लाख रुपये की राशि ली। तरावड़ी अनाज मंडी में उसने अपने दोस्त व जानकारी बराड़ा निवासी मोती लाल, उमरी निवासी संजीव, राजेश, गांव शांभी निवासी शमशेर सिंह के सामने यह राशि गुरप्रीत ढिल्लों के एजेंट हुकम सिंह को दे दी और इसकी एक रसीद उसे दी गई, जिसे मुनीष ने अपने हाथ से लिखा और हुकम सिंह ने हस्ताक्षर करके उसे दी थी।
गुरप्रीत ढिल्लो के कहने के मुताबिक वह अपने पुत्र सहजप्रीत सिंह, संजीव, विनोद नेहरा व राजेश दिल्ली गए और वहां एक होटल में ठहरे। गुरप्रीत ढिल्लों से फोन पर संपर्क किया तो उसने कोई रिस्पांस नहीं दिया। इस पर उसे शक हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है। उन्होंने वापस आ कर शाम लाल, मुनीष व हुकम सिंह से पैसे मांगे तो वे आनाकानी करने लगे। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्याम लाल, मुनीष, हुकम चंद व गुरप्रीत ढिल्लों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी बीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।