कुरुक्षेत्र। जिला सचिवालय में वीरवार को समाधान शिविर लगाया गया, जिसमें 26 में से 23 शिकायतों का निपटारा किया गया। बाकी तीन शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
नगराधीश आशीष कुमार ने शिकायतें सुनीं और कहा कि प्रशासन की तरफ से प्रत्येक सप्ताह के कार्य दिवस में सोमवार व वीरवार को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से लेकर 12 बजे तक किया जा रहा है। इन समाधान शिविरों में लोगों को अपनी समस्याएं रखनी चाहिए। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें मुख्य रूप से जल आपूर्ति, सड़क मरम्मत, पेंशन संबंधित समस्याएं और राजस्व मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल रही।