हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से विकास एवं पंचायत विभाग की ग्राम सचिव की लिखित परीक्षा रविवार को भी हुई। जिले के 64 परीक्षा केंद्रों पर दो सत्रों में 23920 में से 21893 परीक्षार्थियों ने ग्राम सचिव की लिखित परीक्षा दी, जबकि 2027 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों को रोल नंबर स्लिप व आईडी के अलावा कुछ भी ले जाने की अनुमति नहीं थी। परीक्षा केंद्रों में वीडियोग्राफी और जैमर की व्यवस्था भी की गई। पुलिस प्रशासन की तरफ से भी सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। दूसरे दिन भी परीक्षा केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थियों के चेहरे खिले हुए मिले। सुबह सत्र की परीक्षा सुबह साढ़े 10 से 12 बजे और सायंकालीन सत्र में सायं 3 से साढ़े 4 बजे तक हुई। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे जिन्होंने विद्यार्थियों की गहनता से जांच की। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस कर्मी मुस्तैदी से तैनात रहे।
वहीं कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार थर्मल स्कैनिंग व सैनिटाइज किया गया। जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा के मध्यनजर जिलाधीश एवं उपायुक्त शरणदीप कौर ने परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला कुरुक्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा-144 लगाने के आदेश जारी किए थे। इन आदेशों के तहत कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन, हथियार, वाई-फाई डिवाइस ले जाने की इजाजत नहीं थीं। परीक्षा केंद्रों के आसपास सभी फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रही।