निरंकारी कालोनी में मीट की दुकान का विरोध
- महिलाओं ने लाडवा रोड पर जाम लगाया
- रिहायशी कॉलोनी में मीट-शराब के कारोबार से त्रस्त हैं बाशिंदे
अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन। निरंकारी कालोनी में चल रहे चिकन कॉर्नर को लेकर महिलाओं ने शनिवार सुबह लाडवा-शाहाबाद रोड को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। रोष जताती हुई महिलाएं चिकन कॉर्नर एवं शराब की दुकान हटाने की मांग पर अड़ गई। रोड जाम की सूचना पाका मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को चिकन कॉर्नर दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराने का आश्वासन देते हुए यातायात सुचारू कराया।
राजरानी, सरोज रानी, बलजिंदर कौर, जोगिंद्र कौर, मनजीत कौर, देवीरानी, कुसम, रामकली, नीलम, प्रवीन रानी, संतोष एवं मस्तान सिंह, राजेश, कैलाश चंद, अशोक, रमेश तथा विजय इत्यादि ने पुलिस में दी शिकायत में कहा कि उनके घरों के पास ही बलकार सिंह भूखड़ी ने दो दुकानों में मीट एवं शराब बिक्री के लिए चिकन कॉनर्र खोला हुआ है। इसको लेकर कालोनी वासियों ने कुछ समय पहले थाना बाबैन में शिकायत दी थी, जिसपर बलकार सिंह ने पंचायती राजीनामा करके कालोनीवासीयों को आश्वासन दिया था कि वह अपने इस ढाबे पर मीट एवं शराब तथा अंडे की बिक्री नहीं करेगा, केवल शाकाहारी भोजन ही बनाएगा। पिछले कुछ दिनों से बलकार सिंह ने ढाबे पर पहले से अधिक मीट-अंडे एवं शराब बिक्री का गौरख धंधा चालू किया हुआ है। बार-बार समझाने पर गाली गलौच करता है और अपना मीट-शराब का कारोबार बंद न करने की धमकियां देता है। महिलाओं का कहना है कि कालोनी में आने का मुख्य मार्ग मीट-शराब का अड्डा बना हुआ है और दिन-रात ढाबे पर शराबी लोग लड़ाई-झगड़ा करते हैं और साथ ही बच्चों का ट्यूशन सेंटर है, जहां छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी बाधित होती है। वहीं महिलाएं डर के साए में घर से बाजार तक आने-जाने को मजबूर हैं।
दुकानदार बोला- झूठे आरोप लगा रहीं हैं महिलाएं
चिकन कॉनर्र के मालिक बलकार सिंह का कहना है कि कालोनीवासियों के आरोप निराधार हैं। उनके रेस्त्रां में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन बनाया जाता है। इस संबंध फूड एंड ड्रग एडमीनिस्ट्रेशन विभाग का लाइसेंस भी है। वह किसी भी सूरत में यहां अपना कारोबार बंद नहीं करेगा। हालांकि ढाबे पर कभी शराब नहीं बेची है और न ही आगे बेचेगा।
पुलिस ने दुकान संचालक को दिया समय
थाना प्रभारी भूषण दास ने बताया कि घरों के पास मीट-शराब का कारोबार होना कालोनीवासियों की गंभीर समस्या है। पुलिस ने मौके पर जाकर शांतिपूर्ण तरीके से 10 मिनट में ही जाम खुलवा दिया था। दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर समझा दिया गया है। बलकार सिंह ने कालोनीवासियों से 15 दिन का समय मांगा है। वह अपना चिकन कॉर्नर अन्य दूसरे स्थान पर चलाएगा। यदि स्थान पर शिफ्ट नहीं किया तो जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों को शिकायत दे दी जाएगी।