जाट धर्मशाला व सभा की चौधर का विवाद
- ढाई घंटे चली दोनों गुटों की बैठक रही बेनतीजा, अपनी-अपनी मांग पर अड़े
- बैठक छोड़ अंग्रेज गुट ने दिया डीसी कार्यालय पर धरना, एक दिन में धर्मशाला खाली कराने का अल्टीमेटम
- कर्मवीर गुट का एलान, छह अगस्त को महापंचायत में होगा निर्णय, धर्मशाला में जारी रहेगी भूख हड़ताल
- दिन भर प्रशासन की फूली रही सांसे, भारी पुलिस बल रहा तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। जाट धर्मशाला व सभा की चौधर का विवाद मंगलवार को और भी गहरा गया है। डीसी डॉ. एसएस फुलिया व प्रशासक अनिल यादव के आहवान पर दोनों गुटों की धर्मशाला में कड़े आरोप- प्रत्यारोपों व मांगों को लेकर खींचतान के बीच ढाई घंटे चली बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद नवनियुक्त प्रधान कर्मवीर घराड़सी ने भूख हड़ताल जारी रखने व छह अगस्त को समाज की सभी खाप व तपों की महापंचायत का ऐलान किया तो वहीं अग्रेज सिंह गुट ने डीसी आवास पर धरना दे दिया। प्रशासक अनिल यादव व डीआरओ चांदी राम ने उन्हें मनाने का प्रयास किया, जिस पर उन्होंने बुधवार को कर्मवीर गुट से धर्मशाला खाली कराने का प्रशासन को अल्टीमेटम दे दिया तो कहा कि धर्मशाला खाली न होने पर वीरवार को वे डीसी आवास का घेराव करेंगे।
दोनों पक्षों के बीच चले इस मामले के साथ ही जिला व पुलिस प्रशासन की सांसे भी दिन भर फूली रही। जहां पहले से ही कर्मवीर गुट ने धर्मशाला में नई कार्यकारिणी को मान्यता देने तक क्रमिक भूख हड़ताल व धरना जारी रखने व छह अगस्त को महापंचायत बुलाने का ऐलान किया हुआ था तो वहीं पहली कार्यकारिणी के प्रधान अंग्रेज सिंह गुट की ओर से प्रशासन को 28 जुलाई को धर्मशाला खाली कराने की मांग को लेकर अल्टीमेटम दिया था। इसी अनुसार मंगलवार को अंग्रेज गुट ने रोड जाम करने व भारी संख्या में लोगों के धर्मशाला में कूच करने की रणनीति का खुलासा किया था। बढ़ते मामले को देख जहां सुबह ही महिला व पुरूष पुलिस कर्मियों को भारी संख्या में धर्मशाला में तैनात कर दिया तो वहीं डीसी ने दोनों गुटों को बातचीत के लिए बुलाया। इसमें आपसी समझौते के लिए बैठक करने का आह्वान किया। इसके बाद दोनों गुटों की सायं चार बजे से करीब साढ़े छह बजे तक बैठक चली, जिसमें दोनों ओर के 10-10 लोग शामिल रहे।
तीन- तीन एसएचओ धर्मशाला में रहे तैनात
धर्मशाला में हालात तनावपूर्ण होने की आशंका के चलते जहां भारी पुलिस बल सुबह करीब आठ बजे से देर रात तक तैनात रहा वहीं दोनों गुटों की ढाई घंटे तक चली बैठक के दौरान धर्मशाला में सिटी एसएचओ प्रतीक सिंह व केयूके थाना प्रभारी सतीश कुमार व सदर थाना प्रभारी तरसेम भी खुद निगरानी पर रहे। यहीं नहीं खुफिया विभाग से लेकर प्रशासन के अन्य कर्मी भी मामले पर निगाहें टिकाए रहे और प्रशासन के पास पल-पल की जानकारी भी पहुंचती रही।
जानकारी अनुसार दोनों गुटों के ये लोग रहे बैठक में शामिल
कर्मवीर घराड़सी गुट
सुरेंद्र अंबरसर, शमशेर ढुल, कृष्ण श्योकंद, राजेंद्र हथीरा, इंद्र मुच्छल, राजेश बारना, नरेंद्र घराड़सी, गंगाराज करोड़ा, सुरजीत बैनिवाल व कृष्ण ढुल।
अंग्रेज सिंह गुट
रामचंद्र किरमिच, बलदेव मुकिमपुरा, ओमप्रकाश बड़ाम, जयप्रकाश सारसा, सुमेर हथीरा, बलदेव राठी, खुशीराम, जसमेर घराड़सी, शमशेर रत्नडेरा व रणसिंह देशवाल।
10 मिनट में वापस आने की कहकर बैठक छोड़ गया अंग्रेज गुट : कर्मवीर
नई कार्यकारिणी के प्रधान कर्मवीर घराड़सी ने बैठक के बाद बताया कि अंग्रेज सिंह गुट बैठक में नई कार्यकारिणी को भंग करने की मांग पर अड़ा रहा, जिससे इंकार कर दिया। करीब ढाई घंटे की बैठक के बाद अंग्रेज गुट ने 10 मिनट बातचीत कर वापस आने की बात कही और दूसरे कमरे में चले गए, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे और बैठक छोड़ निकल गए। कर्मवीर घराड़सी ने कहा कि अब छह अगस्त को महापंचायत होगी, जिसमें सभी खाप व तपा शामिल होंगे। नई कार्यकारिणी को मान्यता देने तक भूख हड़ताल व धरना जारी रहेगा और धर्मशाला का संचालन जाट समाज के लोगों के अलावा किसी दूसरे को नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापंचायत में अंग्रेज सिंह गुट के लोग भी आ सकते है और जो निर्णय होगा व समाज हित में मान्य किया जाएगा।
प्रशासन के पास धर्मशाला खाली कराने का एक दिन का समय : अंग्रेज
धर्मशाला में बैठक बेनतीजा रहने पर अंग्रेज सिंह गुट डीसी आवास पर पहुंच गया और धरना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद सूचना मिलते ही धर्मशाला पर प्रशासक नियुक्त किए गए एसडीएम अनिल यादव व डीआरो चांदी राम मौके पर पहुंचे और उन्हें मनाने का प्रयास किया। इस पर अंग्रेज सिंह व अन्य लोगों ने बुधवार को कर्मवीर गुट से धर्मशाला खाली कराने की मांग रखी और अल्टीमेटम देते हुए कहा कि प्रशासन ऐसा नहीं कर पाया तो वे अगले दिन डीसी कार्यालय पर घेराव करते हुए धरना शुरू कर देंगे। उन्होंने वहीं पर अलग-अलग क्षेत्रों के समाज के लोगों को संबंधित सत्तासीन विधायकों से मिलने को भी कहा । उन्होंने बताया कि वे जल्द ही इस मामले को लेकर सीएम से भी मिलेंगे। अंग्रेज सिंह ने कहा कि कर्मवीर गुट उसी कार्यकारिणी को ही स्वीकार करने पर अड़ा रहा, जो उन्होंने मंजूर नहीं किया।