सड़क निर्माण के लिए 57 करोड़ का प्रस्ताव
फोटो 33
पिपली से थर्ड गेट सडक़ के किनारे नजर आएंगे महाभारत थीम के दृश्य: सुधा
- सरकार से अनुमति के लिए भेजा प्रस्ताव, सिक्स लेन के साथ साइकिलिंग ट्रैक का भी होगा प्रावधान
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि पिपली से यूनिवर्सिटी थर्ड गेट तक सड़क के किनारों पर महाभारत थीम पर आधारित दृश्य नजर आएंगे ताकि पिपली गीता द्वार से प्रवेश करते हुए प्रत्येक नागरिक व देश विदेश से आने वाले पर्यटकों को कुरुक्षेत्र पर्यटन स्थली पहुंचने का अहसास हो सके। इस परियोजना के तहत पिपली से थर्ड गेट तक सड़क का सौंदर्यकरण व अन्य कार्यों के लिए 57 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
विधायक सुभाष सुधा रविवार को सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की एक बैठक में पिपली से थर्ड गेट तक सडक़ निर्माण कार्य को लेकर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर में चारों तरफ से विकास कार्य चल रहे हैं और कई नई परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत पिपली से थर्ड गेट तक सडक़ निर्माण कार्य का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव के अनुसार 57 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि से पिपली से थर्ड गेट तक सिक्स लेन बनाई जाएगी। दोनों तरफ सड़क की चौड़ाई 10.75 मीटर होगी और साइकिलिंग ट्रैक का प्रावधान भी होगा। दोनों तरफ पेवर ब्लाक भी लगाए जाएंगे। इस सड़क निर्माण कार्य करने से पहले दोनों तरफ ड्रेनेज सिस्टम का प्रावधान किया जाएगा। हर 100 मीटर के बाद सडक़ को क्रासिंग करती हुई पाइप लाइन भी डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर जहां लाइटिंग व्यवस्था नहीं है वहां पर सुंदर लाइटें लगाई जाने का भी प्रावधान किया गया है। विधायक ने कहा कि इस सडक़ को सिक्स लेन बनाने के प्रस्ताव को अंतिम स्वरूप दिया जा चुका है और अंतिम अनुमति के लिए राज्य सरकार के पास भेजा जा रहा है। इस सड़क के निर्माण कार्य में उच्च स्तरीय सामग्री का प्रयोग किया जाएगा। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता आदि रहे। विधायक ने कहा कि गुरुद्वारा छट्टी पातशाही साहिब से अंबेडकर चौक तक सड़क को सीसी का बनाया जाएगा और यहां पर जगह की कमी होने के कारण सडक़ की चौडाई भी कम रहेगी। विधायक ने कहा कि शहर के पर्यावरण को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से सड़क निर्माण कार्य होने के बाद सुंदर व छायादार पौधे भी लगाए जाएंगे और जगह जगह लोगों के बैठने की व्यवस्था का प्रावधान किया जाएगा।