अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के मामले में आने वाले फैसले के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग की अगुवाई में जिला पुलिस की कंपनियों, सीमा सुरक्षा बल व हरियाणा पुलिस अकादमी से आई फोर्स द्वारा आज जिला में फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च पुलिस लाईन से चलकर शहर से होते हुए पेहवा रोड, ज्योतिसर, पेहवा, ईस्माईलाबाद, शाहाबाद, बाबैन, लाडवा, मथाना से होता हुआ पुलिस लाइन में संपन्न हुआ। वहीं जिला भर में चप्पे-चप्पे पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों की निगाहें टिकी हुई है। शहर के सभी प्रमुख रास्तों से लेकर भीड़ वाले व क्षेत्रों, मुख्य बाजारों व मॉल सहित अन्य क्षेत्रों में ये जवान तैनात कर दिए गए है, जो हर गतिविधि पर निगाहें टिकाए हुए है तो वही पुलिस के साथ मिलकर संदिग्ध लोगों व वाहनों की जांच भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आज जिला पुलिस द्वारा जिला में फ्लैग मार्च निकाला गया जिसमें एसडीएम थानेसर नरेंद्र मलिक, आधा दर्जन ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सभी उप पुलिस अधीक्षक, सभी थाना प्रबंधक अपनी फोर्स के साथ शामिल रहे। फ्लैग मार्च में अर्ध सैनिक बल की एक कंपनी, जिला पुलिस की 6 कंपनी तथा हरियाणा पुलिस अकादमी से आई दो कंपनियां भी शामिल रही। फ्लैग मार्च में पुलिस की गाड़ियों के अलावा दंगा नियंत्रक वाहन भी शामिल रहे। इसके साथ साथ शहर में नाकाबंदी की गई है। हर नाके पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। उधर पुलिस लाइन में हुई सेवानिवृत्त पुलिस एसोसिएशन की बैठक में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर जिला पुलिस को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। एसोसिएशन के प्रधान धर्मपाल खुबडु ने बताया कि फैसला लिया गया कि डेरा प्रमुख के मामले में एसोसिएशन पुलिस के साथ खड़ी है।
----------------------------------------------------------
10 किलो 750 ग्राम गांजा के साथ चार काबू
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की अपराध शाखा ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए 10 किलो 750 ग्राम गांजा रखने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध शाखा 2 के उप निरीक्षक तरशेम सिंह, सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह, हैड कांस्टेबल नरेश कुमार की टीम ने थाना सदर एरिया मे गश्त के दौरान उमरी चौक कुरुक्षेत्र मे चेकिंग के दौरान मोटर साइकिल पर जा रहे दो युवकों को रोककर चेक किया तो उनके कब्जे से 5 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान मनोज उर्फ विनोद वासी व मोहन कुमार वासी टपराना जिला करनाल के रुप में हुई है। वहीं अपराध शाखा 2 के सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह, हैड कांस्टेबल नरेश कुमार, हैड कांस्टेबल दिलबाग सिंह की टीम ने जी टी रोड पर गांव समानी पुल के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे दो युवकों को रोककर चेक किया तो उनके कब्जे से 5 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान अशोक कुमार वासी हरतारी जिला पानीपत व संदीप कुमार वासी पसीना कलां जिला पानीपत के रुप में हुई है।
-----------------------------------------------
घर मे घुसकर चोरी
कुरुक्षेत्र। थाना शहर थानेसर एरिया में अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर चोरी करने का मामला सामने आया है। थाना शहर थानेसर में दी अपनी शिकायत में अमृतपाल सिंह वासी सेक्टर 7 कुरुक्षेत्र ने बताया कि 19 से 21 अगस्त तक वह अपने परिवार सहित घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर, 5 हजार नगद व दो मोबाइल चोरी कर लिये हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।