-ऑल इंडिया फेडरेशन के आह्वान पर हड़ताल पर उतरे बैंक कर्मी
फोटो 16,17,20,21, 22, 23
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। बैंकों के निजीकरण और विलय के विरोध में जिलेभर के बैंक कर्मी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताल से बैंकों में 3 करोड़ का लेनदेन अटका रहा।
सुबह ही बैंक कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में सड़क पर उतर आए। इस एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने किया। हड़ताल पर होने से बैंक शाखाओं में जमा और निकासी, चेक समाशोधन, एनईएफटी और आरटीजीएस लेन-देन पूरी तरह से प्रभावित रहा। हड़ताल पर उतरे कर्मियों का कहना है कि सरकार बैंक बोर्ड ब्यूरो का गठन कर सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को एक बैंकिंग निवेश कंपनी के तहत लाने की कोशिश कर रही है, जिससे सरकारी बैंकों में सरकार की हिस्सेदारी पचास फीसदी से कम हो जाएगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस कुरुक्षेत्र के संयोजक हाकम चौधरी ने बताया कि हड़ताल का मुख्य कारण सरकार द्वारा जन विरोधी बैंकिंग सुधारों को लागू करना व बैंकों के विलय एवं निजीकरण से होने वाले नुकसान से लोगों को अवगत कराना है। निजीकरण से न केवल आम जनता को असुविधाओं का सामना करना पड़ेगा, बल्कि इससे रोजगार के अवसर भी कम हो जाएंगे। प्रदर्शनकारियों को पंजाब नेशनल बैंक के राय सिंह व एमएस बत्रा, भारतीय स्टेट बैंक के तारा चंद्र, गुरदीप सैनी, विजय बैंक के सत्यपाल भोला, इलाहाबाद बैंक के प्रीतम गोयल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर राजीव चोपड़ा, अंजलि कुमारी, गुरुदयाल सिंह, नवीन मित्तल, मनोज कुमार, चंद्र शेखर, सुनील कुमार, जेपी सेनी, जिले सिंह सभ्रवाल, शिफाली बग्गा, राकेश भयाना, अभिषेक गर्ग, रूप चंद सहित अन्य कर्मी भी शामिल रहे।
पूरे जिला भर में ठप रहा बैंकों का कार्य : एलडीएम
लीड बैंक के मैनेजर का कहना है कि हड़ताल पूरे जिला भर में रही और सभी कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। इससे बैंकों का कार्य पूरी तरह से ठप रहा। 3 करोड़ का लेनदेन अटका रहा तो वहीं दूसरे लेन-देन भी प्रभावित रहे।
बारिश के बावजूद सड़क पर नारेबाजी करते रहे बैक कर्मचारी
शहर में हुई बारिश के बावजूद सरकारी बैंक कर्मचारियों की हड़ताल जारी रखी। कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन व सरकार के निर्णय के विरोध में बारिश के बीच छाते लेकर सड़कों पर उतर आए । बैंक कर्मचारियों ने निजीकरण एवं विलय के विरोध में एकदिवसीय हड़ताल की, जिसमें सभी सरकारी बैकों के कर्मचारी शामिल रहे।
बैंक बंद रहने से झेलनी पड़ी परेशानी : शर्मा
बैंक उपभोक्ता पराजल शर्मा ने बताया कि बैंकों में हड़ताल होने के कारण लोगों की सामान्य बैंकिंग गतिविधियां प्रभावित रहीं। बैंकों की हड़ताल पर होने से जमा और निकासी, चेक समाशोधन, एनईएफटी और आरटीजीएस लेन-देन प्रभावित होने के कारण लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। उन्हें भी बैंक बंद रहने के चलते परेशानी झेलनी पड़ी।
हड़ताल के कारण नहीं भर पाया बिजली बिल : विष्णुदत्त
बैंक में लेन-देन करने पहुंचे विष्णुदत्त ने बताया कि बैंक कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने के कारण लोग पैसे नहीं निकले सके और न ही जमा करवा पाए। इसके कारण दैनिक कार्यों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि बिजली का बिल भरने की आखिरी तारीक होने के कारण वह बैंक में पैसे निकलवाने के लिए गया था, लेकिन बैंक के बंद होने के कारण पैसे नहीं निकल पाए।