पिहोवा। उपमंडल विधिक सेवा प्राधिकरण की स्थानीय कोर्ट परिसर में रविवार को मेगा लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस मेगा लोक अदालत में कुल 563 मामलों को रखा गया, जिनमें से 204 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। इस मेगा लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित बत्रा व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम सुमित गर्ग के मार्गदर्शन में किया गया।
उपमंडल विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं न्यायाधीश विवेक यादव ने बताया कि स्थानीय कोर्ट परिसर में मेगा अदालत का आयोजन किया गया। इस मेगा लोक अदालत में कुल 563 मामले रखे गए। जिसमें से 204 मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया गया। उन्होंने बताया कि मेगा लोक अदालत में हिंदू मैरिज एक्ट (एचएमए) का एक मामला, सिविल के 19 मामले, बैंक लोन और केस डालने से पहले से संबंधित 4 मामले, समरी चालान के 30 मामले, म्यूटेशन के 132 मामले,138 एनआई एक्ट के अंतर्गत 15 मामले तथा 3 अन्य मामले शामिल किए गए। उन्होंने बताया कि डिकरी में एक लाख 98 हजार 500 रुपये की राशि देने के आदेश दिए गए। इसके अलावा समरी केसों में 11500 रुपये का जुुर्माना किया गया। उन्होंने बताया कि लोक अदालतों का लोगों को काफी फायदा मिल रहा है। इन लोक अदालतों में लोगों के लंबित मामलों को मौके पर निपटाया जा रहा है। इस मौके पर न्यायाधीश अंजली जैन भी मौके पर मौजूद थी।