पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने मंगलवार को इनेलो के समर्थन में शाहाबाद में चुनावी रैली को संबोधित किया।
उन्होंने कुरुक्षेत्र संसदीय सीट से खड़े इनेलो प्रत्याशी बलबीर सैनी और अंबाला सीट से कुसुम शेरवाल के लिए वोट मांगे। जनसभा को विधायक अभय चौटाला और इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने भी संबोधित किया।
अपने 12 मिनट के भाषण में बादल ने कहा कि यह केवल लोकसभा का चुनाव नहीं, बल्कि एक रायशुमारी है। इस चुनाव से कमजोर, भ्रष्टाचारी केंद्र सरकार को चलता करके कांग्रेस से देश का पीछा छुड़ाना है।
उन्होंने कहा कि लोेकसभा चुनाव के कुछ महीने बाद ही हरियाणा में विधानसभा चुनाव होंगे। पंजाब और हरियाणा को एक ही मां के दो बेटे बताते हुए बादल ने कहा कि कांग्रेस ने फूट डालकर राज करने की नीति अपनाई है।
चौधरी देवीलाल को याद करते हुए बादल ने कहा है कि देवीलाल परिवार और बादल परिवार का रिश्ता पूरे देश में एक मिसाल है।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने नवीन जिंदल पर आरोप लगाया कि सैनी वोट बांटने के लिए जिंदल ने ही राजकुमार सैनी को भाजपा का टिकट दिलाया। आज देश और प्रदेश से कांग्रेस का सफाया करने का मन जनता ने बना लिया है।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केएल शर्मा, विधायक अशोक कश्यप, फूल सिंह खेड़ी, राजबीर बराड़ा, शिरोमणि अकाली दल के प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह सौथा, एसजीपीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विर्क, मेंबर हरभजन सिंह मसाना, पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान, पूर्व सांसद त्रिलोचन सिंह, विधायक बिशनलाल सैनी ने भी जनसभा को संबोधित करके इनेलो प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।
दस का अंक महत्वपूर्ण : अभय
इनेलो नेता एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बादल ओमप्रकाश चौटाला की कमी पूरी करने के लिए जनता से इनेलो के लिए समर्थन और सहयोग मांगने आए हैं।
उन्होंने चौटाला को परिवार को मुखिया बताया और कहा कि दस का अंक इस चुनाव में महत्वपूर्ण आंकड़ा है।
उन्होंने कहा कि दस जनपथ ने दस वर्ष तक इस देश को लूटा है और दस अप्रैल को मतदान का दिन है, कांग्रेस ने कॉमनवेल्थ, टूजी और कोयला जैसे दस बडे़ घोटाले करके देश को लूटा है, वही इनेलो ने प्रदेश कांग्रेस के दस भ्रष्ट नेताओं की सीडी जारी की। अब दस अप्रैल को मतदान के जरिये इस कांग्रेस सरकार को सत्ता से बेदखल करने का सुनहरी मौका है।