पिंडारसी दोहरे हत्याकांड का जल्द होगा पर्दाफाश : सीएम
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कुरुक्षेत्र के गांव पिंडारसी में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों का पुलसि जल्द ही पर्दाफाश करेगी। इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस गिरोह के लोगों तक पहुंचने के लिए कई टीमें जांच में जुटी हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार देर शाम गांव पिंडारसी में मृतक राजाराम व अर्जुन तथा गंभीर रूप से घायल कुलदीप के परिजनों के साथ दु:ख सांझा करने के लिए पहुंचे थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, थानेसर विधायक सुभाष सुधा, जिला परिषद के चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, ब्लॉक समिति के चेयरमैन देवी दयाल शर्मा ने परिजनों के साथ दु:ख सांझा किया। इस दौरान समाज की तरफ से थानेसर विधायक सुभाष सुधा, पूर्व विधायक बंता राम वाल्मीकि व सरपंच ओमप्रकाश ने परिवार व ग्रामीणों की तरफ से दोहरे हत्याकांड की जानकारी दी और हत्यारों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है। इसके साथ ही गांव की कुछ समस्याएं भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं।
मुख्यमंत्री ने परिजनों की बात सुनने के बाद कहा कि यह बहुत दु:खदायी घटना है। इस हत्याकांड को जिस भी गिरोह ने अंजाम दिया है, उसे पकड़ने के लिए उच्च स्तर पर जांच की जा रही है। इस मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं और कई टीमें जांच में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि गिरोह का जल्द ही पर्दाफाश हो जाएगा। गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को कहा कि गांवों के सभी सामाजिक कार्यों को पूरा किया जाएगा। इसकी पूरी जानकारी विधायक सुभाष सुधा को मुहैया करवाई जाए। इसके अलावा गांव के स्कूल को अपग्रेड करने की औपचारिकताओं को चेक किया जाएगा, अगर स्कूल मापदंडों को पूरा करता है तो स्कूल को अपग्रेड कर दिया जाएगा।
राज्य सरकार की तरफ से मृतकों के परिवार के सदस्यों को कुल 8 लाख 35 हजार व घायल कुलदीप को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहले ही मुहैया करवाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से नियमानुसार मृतकों के परिजनों को 8 लाख 25 हजार और घायल को 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाएगी। इतना ही नहीं राज्य सरकार की तरफ से परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसानों की हड़ताल का कोई मुद्दा नहीं है। बिना मतलब के हड़ताल की जा रही है। शहरों में दूध और सब्जी को रोककर कुछ लोग किसानों का ही नुकसान कर रहे हैं। उन्होंने एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जीएसटी कौंसिल ने धार्मिक स्थलों के लंगर पर जीएसटी कर को माफ करके एक सराहनीय निर्णय लिया है। इस निर्णय से धार्मिक संस्थान और उत्साह के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करेंगे। उन्होंने एक अन्य प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि कुंजपुरा मस्जिद में हुई मारपीट के मसले को निपटाकर दोनों पक्षों में भाईचारा कायम कर दिया गया है। इस मौके पर एडीजीपी डॉ. आरसी मिश्रा, डीसी डॉ. एसएस फुलिया, एसपी अभिषेक गर्ग, एसडीएम अनिल कुमार यादव, डीएसपी गुरमेल सिंह, रविंद्र सांगवान, सुशील राणा, धुम्मन सिंह किरमच, सुभाष बेदी, तेजिंद्र बिड़लान, विक्रम अटवाण, सरपंच ओमप्रकाश, विनीत बजाज, विनीत क्वात्रा, राजकुमार पिंडारसी मौजूद रहे।