नहीं थमी स्कूल की मनमानी तो 100 बच्चों को हटाएंगे अभिभावक
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। विभिन्न प्रकार की फीसों की वसूली करने वाले अमीन रोड पर स्थित निजी स्कूल के खिलाफ अभिभावक लामबंद हो गए हैं। अगर स्कूल ने अपनी मनमानी नहीं खत्म की तो करीब 100 बच्चों को स्कूल से उनके अभिभावक हटा लेंगे। स्कूल द्वारा की जा रही मनमान के खिलाफ एक्शन लेने के लिए रविवार को भी स्व. गुलजारी लाल नंदा स्मारक के समीप अभिभावक संघ के तहत अभिभावकों की बैठक हुई।
सुलतान सिंह की अध्यक्षता व प्रधान अनीता के नेतृत्व में हुई बैठक में विभिन्न प्रकार की फीसों से लेकर स्कूल प्रिंसिपल चेस्टा सलूजा सहित कई अन्य अध्यापिकाओं को हटाए जाने के मामले में गंभीरता से विचार किया गया।
बैठक के बाद उन्होंने बताया कि प्रशासन को 25 अप्रैल तक का समय दिया गया है। इस समय तक प्रशासन ने स्कूल के प्रति कोई कदम नहीं उठाया या फिर स्कूल प्रबंधन समिति की मनमानी जारी रही तो कड़ा आंदोलन किया जाएगा। अब जिला स्तर पर अभिभावक संघ का गठन किया जाएगा, ताकि जिलाभर में स्थित निजी स्कूलों की लूट से अभिभावकों को बचाया जा सके। इसके लिए अब ब्लॉक स्तर पर जाकर अभिभावकों के साथ बैठकें की जाएंगी। किसी भी प्रकार से फीसों की आड़ में अभिभावकों को लूटने नहीं दिया जाएगा। न ही किसी शिक्षक का शोषण होने दिया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त स्कूल प्रबंधन समिति ने मनमानी करते हुए न केवल प्रिंसिपल को हटाया है, बल्कि उनसे पहले दर्जनभर शिक्षकों की छुट्टी कर दी गई है। प्रबंधन समिति कम वेतन पर नए-नए शिक्षक रख रही है, जबकि पुराने व अनुभवी शिक्षकों को ज्यादा वेतन देने से बचने के लिए उन्हें हटाया जा रहा है। इससे बच्चों के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है। हर रोज नए-नए शिक्षकों से बच्चे नहीं पढ़ सकते और उनकी पढ़ाई का नुकसान होता है। इस दौरान बलबीर सिंह कमौदा, प्रदीप मूंड, बनारसी , संतलाल के अलावा दर्जनों अन्य अभिभावक भी शामिल रहे।