‘बीज उपचार के बाद ही करें गेहूं की बिजाई’
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
कृषि एवं कल्याण विभाग लाडवा ने मंगलवार को गांव धनौरा जाटान में बीज उपचार अभियान चलाया। इसकी शुरुआत खंड कृषि अधिकारी डॉ. निरंजन दास ने की। इसमें किसानों को गेहूं की बिजाई से पहले बीज उपचार के बारे में जागरूक किया। साथ ही किसानों को बीज उपचार करने के बाद गेहूं की बिजाई करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बीज का उपचार कर बिजाई करने से भी फसलों में आने वाली बीमारियों की रोकथाम की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरे क्षेत्र में चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत गांव धनौरा जाटान से की गई है। कृषि अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को 30 नवंबर तक इस अभियान के तहत किसानों को बिजाई से पहले बीच उपचार और कृषि विभाग की योजनाओं से किसानों को जागरूक करेंगे। अभियान के दौरान कृषि अधिकारी ने किसानों को सरकार और विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और विभाग द्वारा दी जा रही स्कीमों के बारे में किसानों को बताया।
कृषि विकास अधिकारी डॉ. इंद्र पाल और डॉ. रोशन लाल ने किसानों को पशुओं के हरे चारे बरसीम के बीज पर दी जा रही 75 प्रतिशत सब्सिडी के बारे में बताया। साथ ही अपने क्षेत्र के कृषि विकास अधिकारी से परमिट लेने के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि प्रधान कृषि सहायता हेल्थ कार्ड स्कीम के तहत गांवों में किसानों के खेतों की मिट्टी की नि:शुल्क सैंपलिंग की जा रही है। कृषि विकास अधिकारी डॉ. इहंद्रपाल ने किसानों को रबी की फसल के लिए दलहन, मक्का और तिलहन फसलों की बिजाई के बार में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को धान आदि फसलों के अवशेष और फाने आदि न जलाने की सलाह दी। अभियान के शुभारंभ पर गांव के किसान एवं पूर्व सरपंच प्रीत पाल, गुरमेल सिंह, जयपाल, शीशपाल, ओम प्रकाश, राम कुमार, मोहित, बालकिशन आदि किसान उपस्थित थे।