कुरुक्षेत्र। मसाना गांव में जीटी रोड स्थित विरासत हेरिटेज विलेज में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। यहां से करीब 200 पुराने बर्तन चुराए गए हैं जिनकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये है। पीतल, तांबा और कांसे के बर्तन 75 से 300 साल पुराने हैं जिनमें मुगलकालीन सुराहियां, पीतल के टोकने, केतलियां, बाट, गिलास, दीये और अन्य सामान शामिल है। विलेज के संयोजक विवि के प्रोफेसर डॉ. महासिंह पूनिया ने बताया कि देशभर से इकट्ठा किए इन ऐतिहासिक बर्तनों को हरियाणवी जीवनशैली और संस्कृति के प्रमाण के रूप में संरक्षित किया था। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में उनके पास पूर्व में चालक के तौर पर काम करने वाले कनीपला गांव के रहने वाले रोहित पर शक जताया है। डॉ. पूनिया के अनुसार चोरी से पहले एक बर्तन गायब होने पर रोहित को नौकरी से निकाला गया, उसके बाद भी वह कर्मचारियों से लोकेशन पूछता रहा।
पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। थाना सदर थानेसर के एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।