अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। सस्ती दर पर लोन देने की आड़ में एक निजी फाइनेंस कंपनी द्वारा सैकड़ों लोगों के साथ ठगी किए जाने के मामले की जांच अब पुलिस विभाग का इकोनॉमिक सेल करेगा। इसके लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी है तो वहीं वीरवार को दर्जनों पीड़ितों ने सेल के इंचार्ज रामसनेही व अन्य पुलिस अधिकारियों से मुलाकात भी की तो वहीं रोष भी व्यक्त किया।
गांव किरमिच वासी सूरजभान, पप्पू वर्मा, हरनाम सिंह, सुनील दत्त, नरेश कुमार, दिनेश, बिटटू, दीपक, अतुल सहित अन्य पीड़ितों ने आरोप लगाते हुए बताया कि निजी कंपनी ने झांसा रोड पर कार्यालय खोला था तो कंपनी कर्मियों ने गांव-गांव जाकर कैंप भी लगाए थे। जहां होम लोन से लेकर व्यापारिक लोन व अन्य प्रकार के लोन भी सस्ती दरों पर दिए जाने के दावे किए थे। इसके लिए उन्होंने आवेदन जमा कराए थे तो उनके पैन कार्ड ,बैंक खाते की प्रति, कैंसिल चेक आदि भी लिए तो एटीएम भी स्कैन कर लिए थे। इसके बाद उन्होंने लोन को लेकर सर्वे कार्य के लिए बैंक मनेजर के आने की बात कहकर खातों में कम से कम 20-20 हजार रुपये जरूरी रखने को कहा था। इसके बाद उनके खातों से पैसे कटने के संदेश मोबाइल पर आने लगे तो वे कंपनी कार्यालय पर पहुंचे ,जहां ताला लटका मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी के कर्मी उनके साथ धोखाधड़ी कर फरार हो गए हैं।
आज ही मिली शिकायत, जांच की शुरू : रामसनेही
इकोनॉमिक सेल के इंचार्ज एवं जांच अधिकारी रामसनेही का कहना है कि एसपी कार्यालय की ओर से उनके पास आज ही शिकायत पहुंची है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। इसी के चलते पीड़ितों को भी बुलाया गया और पूरी जानकारी ली गई है। अगले एक-दो दिन में ही पूरे मामले की जांच कर ली जाएगी।