कुरुक्षेत्र। थानेसर परिषद की बैठक में शहर के विकास का खाका हाउस में रखा गया। सभी प्रस्तावों पर हाउस ने सर्वसम्मति से पास किया। वहीं बैठक में अमर उजाला के रोड शो अभियान का असर दिखा। अभियान में उठाये गये शहर की सड़कों के मुद्दे पर विधायक सुभाष सुधा एवं नगर परिषद की अध्यक्ष उमा सुधा ने टूटी हुई सड़कों का एस्टीमेट बनाने के आदेश दिये। विधायक और नप अध्यक्ष ने दावा किया कि छह माह के बीच हुडा की सभी सड़कों का निर्माण पूरा होगा।
चार माह बाद वीरवार को हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए नप अध्यक्षा उमा सुधा ने कहा कि पुराने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने के लिए 25 ई-रिक्शा खरीदी जाएंगी। इसके लिए नगर परिषद की तरफ से 25 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। इस योजना को अमलीजामा पहनाने से थानेसर शहर प्रदेश का ऐसा पहला शहर होगा जहां पर तंग गलियों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए ई-रिक्शा चलाई जाएंगी। वे वीरवार को देर शाम नगरपरिषद हाउस की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। इससे पहले वार्ड 10 से योगेश शर्मा, 31 के पार्षद नितिन लाली ने 10 और 31 वार्ड के साथ-साथ शहर में थानेसर विधायक सुभाष सुधा व नप अध्यक्षा उमा सुधा द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसके अलावा दीपक सड़ाना ने रेलवे रोड़ को सुंदर और चौड़ा करने, पार्षद विशाल शर्मा ने पिपली से थर्ड गेट की सडक़ के सौंदर्यीकरण की शुरूआत करने, पार्षद हरदीप संजू व पार्षद नरेश शमा ने चनारथल रोड पर कार्य करने, पार्षद नितिन बाली ने ट्यूबवेल लगवाने, सभी पार्षदों ने ब्रह्मसरोवर के चलता पानी करने तथा शहर में सामान रूप से विकास कार्य करने पर विधायक सुभाष सुधा और नप अध्यक्षा उमा सुधा का आभार व्यक्त किया।
नप अध्यक्षा उमा सुधा ने कहा कि हाउस की बैठक में सभी एजेंडों पर सर्वसम्मति से फैसले लिए गए हैं। हाउस की बैठक में निर्णय लिया गया है कि जहां पहले सेक्टरों में रस्म पगड़ी के लिए सामुदायिक केन्द्रों की बुकिंग के लिए 5100 रुपये की राशि ली जाती थी। अब सेक्टरों के सामुदायिक केन्द्र रस्म पगड़ी के लिए नि:शुल्क बुक किए जाएंगे, थानेसर शहर को कैटल फ्री बनाने का हर संभव प्रयास निरंतर जारी है और शहर में 9 संस्थाओं को सुंदर और भव्य चौंक बनाने के लिए जगह उपलब्ध करवाई जाएगी। नप हाउस में आवारा बंदरों और कुत्तों को पकड़ने के लिए टेंडर जारी किए जा चुके है।
उन्होंने कहा कि पार्षद राधे श्याम वधवा की मांग पर हाउस में लाल द्वार मंदिर के सामने गेट बनाने की मंजूरी दे दी है। थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने नव नियुक्त पार्षद मनिंद्र सिंह के साथ-साथ सभी नगर पार्षदों का शहर में विकास कार्य में सहयोग करने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी 6 माह में हुड्डा के सभी सेक्टरों की सड़कों का निर्माण कर दिया जाएगा। इसके लिए सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड की सड़कों की सूची नगर परिषद को सौंपेंगे और इस सूची के आधार पर सड़के बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण कार्यों की गुणवता को जांचने के लिए थर्ड पार्टी द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। इस थर्ड पार्टी में सेवा निवृत्त तकनीकी अधिकारियों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्यों के लिए कभी धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस शहर का विकास करने के लिए प्रत्येक नगर पार्षद के सहयोग की जरूरत होगी।
नौ संस्थाओं को अलॉट किए चौंक
नगर परिषद की अध्यक्षा उमा सुधा ने कहा कि शहर की नौ संस्थाओं को नौ चौंक बनाने के लिए अनुमति दी है। इसमें गुरु गोरखनाथ संस्था को बिरला मंदिर के पास, रतगल गुरुद्वारा साहिब को गुरुद्वारा साहिब के सामने, सुनार सभा को छोटे स्टेशन के सामने, श्री पंचनद स्मारक संस्था को सर्किट हाउस के पास, फोनिक्स क्लब को नए निर्माणाधीन लघु सचिवालय के सामने, सेवानिवृत्त सैनिक एसोसिएशन को सेक्टर 4 टी प्वांइट, खुखरान सभा को केडीबी रोड पर सेक्टर 4 और 8 का डिवाइडिंग स्थल पर चौंक बनाने के लिए जगह दी गई है। इसके अलावा भारत सेवा आश्रम व एक अन्य संस्था को भी चौंक के लिए जगह अलॉट की जाएगी।
हर वार्ड के लिए खरीदे जाएंगे 15-15 बैंच
नप अध्यक्षा उमा सुधा ने कहा कि नगर परिषद की तरफ से सभी वार्डों में लोगों की बैठने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15-15 बैंच लगाएं जाएंगे। इस प्रस्ताव को हाउस ने अनुमति दे दी है।
कुरुक्षेत्र से मथुरा बस सेवा को किया शुरू
थानेसर विधायक सुभाष सुधा के प्रयासों से कुरुक्षेत्र से मथुरा बस सेवा को फिर से शुरू कर दिया है। यह बस सुबह 4 बजकर 40 मिनट पर कुरुक्षेत्र से चलेगी और 11 बजकर 30 मिनट पर मथुरा पहुंचेगी। इसके बाद 12 बजे मथुरा से चलकर वापिस कुरुक्षेत्र पहुंचेगी।