समाज के अंतिम व्यक्ति को अंत्योदय भवनों से मिलेगा 221 योजनाओं का सीधा लाभ : मनोहर
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में अब समाज के अंतिम व्यक्ति अंत्योदय भवनों से राज्य सरकार की विभिन्न विभागों से संबंधित 221 योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। प्रदेश के किसी भी नागरिक को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े और सहजता से एक ही छत के नीचे योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के जयंती समारोह पर सात जिलों के अंत्योदय भवनों को आमजन को समर्पित किया गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को थानेसर खंड विकास और पंचायत अधिकारी कार्यालय में अंत्योदय भवन का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल, थानेसर विधायक सुभाष सुधा, लाडवा विधायक डॉ. पवन सैनी, हरियाणा समाज कल्याण विभाग के प्रधान सचिव अनिल कुमार, समाज कल्याण विभाग की निदेशिका गौरी पाराशर जोशी, हरियाणा कल्याण विभाग की निदेशिका गीता भारती, उपायुक्त डॉ. एसएस फुलिया ने विधिवत रूप से लाडवा ई-दिशा केंद्र, एसडीएम कार्यालय और थानेसर अंत्योदय भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदेश वासियों को भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के जयंती समारोह पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की सभी योजनाओं का लाभ ऑनलाइन प्रणाली के जरिए सुचारु और सहजता से पहुंचाने के लिए ही अंत्योदय भवनों को स्थापित किया है। इन भवनों के जरिए सरकार की सभी योजनाओं का लाभ एक छत के नीचे दिया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि अंत्योदय भवनों के माध्यम से किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों, बेरोजगारों, मजदूरों, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और वित्तीय सहायता से संबंधित 221 योजनाएं शुरू की गई है। इन सेवा केंद्रों से महज 10 रुपये के सेवा शुल्क देने पर योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इन अंत्योदय भवनों में लोगों की सुविधा के लिए वातानुकूलित कक्ष, हेल्प डेस्क सहित पीने के पानी, शौचालयों आदि की सुविधा का भी प्रबंध किया गया है। इन भवनों में अधिकतर योजनाएं मजदूरों, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, हरियाणा पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता के लिए कल्याण निगम, मत्स्य पालन और कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं का फायदा मिल पाएगा। इस मौके पर जिला परिषद के चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, एनआईसी विभाग हरियाणा के अधिकारी दीपक बंसल, बी श्रीकांत, रमनदीप, गुरप्रीत, मोदगिल, ब्लाक समिति के चेयरमैन देवी दयाल शर्मा, गौरव बेदी, समाज कल्याण विभाग की संयुक्त निदेशक अल्का यादव, भाजपा महामंत्री रविंद्र सांगवान, सुशील राणा, बाबू राम टाया, एसडीएम प्रद्युमन सिंह, डीआईओ विनोद सिंगला, डीडीपीओ कपिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा नेता आदि मौजूद थे।
लोगों से मुख्यमंत्री ने की बातचीत
मुख्यमंत्री ने थानेसर अंत्योदय भवन का बारीकि से अवलोकन किया और पहले दिन सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पहुंचे लोगों से विस्तृत बातचीत भी की। इन लोगों से बातचीत करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खुद का डाटा बेस बनाने का काम किया जाएगा। इस डाटा बेस से राज्य सरकार की आठ से 15 सुविधाओं को जोड़ा जा सकता है, जिससे लोगों को कम से कम फार्मों को भरकर सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।
इन जिलों के अंत्योदय भवनों का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए फरीदाबाद, गुरुग्राम, करनाल, कैथल, यमुनानगर, जींद के अंत्योदय भवनों का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और पंडित दीन दयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। 36 लाख रुपये के बजट से निर्मित भारत निर्माण सेवा केंद्र का लोकार्पण भी किया।
आठ स्वच्छता वाहनों को दी हरी झंडी
गांव बाहरी, अमीन, बारवा, आलमपुर, हथीरा, किरमच, भवानी खेड़ा, तिगरी खालसा गांव से कचरा एकत्रित करने के लिए आठ स्वच्छता वाहन गांवों में पहुंचेंगे। इन वाहनों को शनिवार को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी देकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि अब शहरों की तर्ज पर गांवों से भी कूड़ा एकत्रित किया जाएगा।