प्रदेश में एलईडी लाइट्स लगाकर 228 करोड़ की हो चुकी है बचत : सुमेधा
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
प्रदेश में एलईडी ट्यूब, बल्ब और पंखे लगाकर 394 मिलियन बिजली यूनिट्स बचाई जा चुकी हैं। इस बचत से लोगों के बिजली के खर्च में भी 228 करोड़ रुपये की कमी आई है। इसलिए बिजली की बचत करने के लिए लोगों को अधिक से अधिक एलईडी लाइट्स का प्रयोग करना होगा। वीरवार को लघु सचिवालय के प्रांगण में उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम की तरफ से बिजली बचाओ-देश बचाओं के जागरूकता वाहन को हरी झंडी देने के बाद यह जानकारी डीसी सुमेधा कटारिया ने पत्रकारों को दी। इससे पहले उपायुक्त सुमेधा कटारिया, अतिरिक्त उपायुक्त धर्मवीर सिंह, चीफ इंजीनियरिंग एचपी शर्मा, एसई जेके कांबोज, एक्सईन मुकेश चौहान, एक्सईन पिहोवा योगराज, एक्सईन शाहबाद आरएस मोर ने यूएचबीबीएन के स्थानीय अधिकारियों के प्रयासों से बनाए गए आकर्षक प्रचार वाहन का अवलोकन किया और झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान लोक कलाकारों ने गीतों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लघु सचिवालय में एकत्रित लोगों को म्हारा गांव-जगमग गांव योजना की जानकारी दी। उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली के लॉस को कम करने और मीटरों को बाहर लगवाने तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी करके 24 घंटे बिजली के बारे में लोगों को गांव-गांव में जाकर जागरूक किया जाएगा। लोगों को ईको फ्रेंडली यानी एलआईडी लाइट्स का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
चीफ इंजीनियर एचपी शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 35 लाख एलईडी बल्ब, 1 लाख 45 हजार एलईडी ट्यूब लाइट्स और 42 हजार एलईडी पंखे लगाए जा चुके हैं। इससे 218 मेगावॉट लोड कम हुआ हैं। एलईडी का प्रयोग करने से तीन लाख 19 हजार 478 टन कार्बनडाई ऑक्साइड को भी कम किया गया हैं। इससे पर्यावरण भी शुद्ध हुआ हैं। एक्सईन मुकेश चौहान ने बताया कि प्रचार-प्रसार वाहन के साथ संबंधित गांव के स्कूलों में म्हारा गांव-जगमग गांव को लेकर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विजेताओं को एलईडी बल्ब देकर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर एसडीओ मेहताब सिंह, एसडीओ नरेश मेहरा, यूनियन के प्रधान सुशील कुमार, सचिव श्याम लाल, एचएसईबी वर्कर यूनियन के यूनिट प्रधान कृष्ण चौहान, सर्कल सचिव कृष्ण पाल, यूनिट सचिव दिनेश कौशिक आदि मौजूद थे।