दूरभाष केंद्र में आगजनी के आरोप में 5 पर देशद्रोह का केस दर्ज
-देशद्रोह के मामले में नामजद एक आरोपी पंजाब पटियाला का निवासी
-10 नकाबपोश डेरा अनुयायियों ने टेलीफोन एक्सचेंज पर फेंका था पेट्रोल
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र-शाहाबाद।
डेरा सच्चा सौदा के पांच अनुयायियों के खिलाफ कुरुक्षेत्र पुलिस ने नलवी क्षेत्र के दूरभाष केंद्र में आग लगाकर जलाने के प्रयास सहित देशद्रोह का मामला दर्ज किया है। इन पांच आरोपियों सहित जिला पुलिस ऐहतियात के तौर पर डेरा सच्चा सौदा के 14 अनुयायियों को हिरासत में लेकर इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग ने दी।
उन्होंने बताया कि डेरा प्रमुख पर फैसला आने के बाद शुक्रवार को नकाबपोश डेरा प्रेमियों ने गांव नलवी स्थित दूरभाष केंद्र में आग लगाने के मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान मोहन, अजय कुमार, नीतीश कुमार निवासी मंधेड़ी थाना इस्माईलाबाद, संजीव शर्मा निवासी सराय सुखी व गुरविंद्र निवासी सानीपुर टांडा थाना जुलका जिला पटियाला पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह, दंगा, आग लगाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। इधर शाहाबाद के थाना प्रभारी नायब सिंह ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर इनसे पूछताछ जारी है।
उल्लेखनीय है कि नलवी गांव में शुक्रवार को शाम करीब 5 बजे 6 मोटरसाइकिलों पर करीब 10 नकाबपोश युवक आए और दूरभाष केंद्र का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुस गए थे। नकाबपोश युवकों के पास हथियार व पेट्रोल की बोतलें भी थीं। अज्ञात युवकों ने दूरभाष केंद्र के अंदर पड़ी मशीनरी पर पेट्रोल फेंक कर आग लगा दी। लेकिन आग लगाने की भनक मोहल्लावासियों को लग गई और वह बड़ी तादाद में एकत्रित होकर दूरभाष केंद्र की ओर दौड़े। इस पर युवक फरार हो गए और मोहल्ला वासियों ने आग पर काबू पा लिया।
बीएसएनएल के जीटीओ ने दी थी शिकायत
पुलिस को दी शिकायत में बीएसएनएल के दूरभाष केंद्र के जीटीओ रविंद्र कुमार ने बताया कि 25 अगस्त शाम को एसडीई जिलेराम ने मोबाइल पर सूचना दी थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने नलवी स्थित टेलीफोन एक्सचेंज में पेट्रोल डालकर आग लगा दी है। इस पर उसने एक्सचेंज में ठेकेदार के कार्यकर्ता मनोज कुमार व पुलिस को सूचित किया। इस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
गिरफ्तारी के बाद इन थानों में 9 आरोपी नामजद
जिले के अलग-अलग थानों में ऐहतिहात के तौर पर 9 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें मोहन, भजन निवासी धुराली व सतीश निवासी सराय सुखी को थाना झांसा, सुनील व राकेश निवासी इस्माईलाबाद, रणधीर निवासी चनारथल व बलकार वासी धंतोडी के खिलाफ थाना शाहाबाद और निखिल वासी पीपली व नवजोत वासी खानपुर कोलियां के खिलाफ थाना सदर थानेसर पुलिस ने मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।