कुरुक्षेत्र। दयानंद महिला महाविद्यालय में कॅरिअर गाइडेंस व प्लेसमेंट सेल की ओर से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। प्लेसमेंट ड्राइव में मैप माय वीजा और मैक्सिमम अब्रॉड सर्विस कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों की ओर से इनसाइड सेल्स एक्जीक्यूटिव, ऑफिस ऑपरेशन एक्जीक्यूटिव, टेली कॉलिंग एक्जीक्यूटिव, डॉक्यूमेंटेशन व बैक एंड सपोर्ट जैसे विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।
मैप माय वीजा के निदेशक नवदीप सिंह और मैक्सिमम अब्रॉड सर्विस के निदेशक आदेश राणा ने चयन प्रक्रिया को पूर्ण किया। प्राचार्या डॉ. उपासना आहूजा ने कहा कि आज का युग केवल डिग्री तक सीमित नहीं है बल्कि कौशल विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को अपनाने का है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर सीखने, समय प्रबंधन और प्रभावी संचार कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कंपनियों के निदेशकों ने भी छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और प्लेसमेंट व इंटर्नशिप अवसरों का पूरा लाभ उठाने का संदेश दिया। चयन प्रक्रिया में विभिन्न संकायों की लगभग 67 छात्राओं ने भाग लिया। इनमें से निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत 19 छात्राओं को अंतिम चरण के लिए चयनित किया गया। प्राचार्या डॉ. उपासना आहूजा ने चयनित छात्राओं को प्रोत्साहित किया।