फार्मेसी संस्थान में तीन दिवसीय कार्यशाला आज से
- देश भर के फार्मेसी संस्थानों के प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के फार्मेसी विज्ञान संस्थान द्वारा तीन दिवसीय शैक्षिक कार्यक्रम कराया जाएगा। संस्थान निदेशक प्रो. एसी राणा ने बताया कि वीरवार से विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में होने वाली इस कार्यशाला में फार्मेसी विज्ञान में इनोवेशन इन टीचिंग एंड लर्निंग कौशल पर चर्चा होगी। कार्यशाला के उद्घाटन पर फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र शराफ मुख्य अतिथि होंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. कैलाशचंद्र शर्मा करेंगे। शैक्षिक कार्यक्रम के अंतिम दिन 16 मार्च को समापन सत्र की अध्यक्षता कुलसचिव डॉ. नीता खन्ना करेंगी।
समापन समारोह में फार्मास्युटिकल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया के सलाहकार प्रो. सीके कोकाटे बतौर मुख्य एवं पूर्व कुलपति केएलई विश्वविद्यालय वारंगल तेलंगाना विशिष्ट अतिथि होंगे। फार्मेसी विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसी राणा ने बताया कि इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान शिक्षण और सीखने के कौशल को बढ़ाने के लिए विभिन्न विषयों पर छह सत्र होंगे। फार्मास्युटिकल उद्योग से जुड़ी हस्तियां और शिक्षाविद अपने विचारों को साझा करेंगे। इसके अलावा अन्य विशेषज्ञ और शिक्षण और शिक्षण कौशल के संवर्धन पर बातचीत करेंगे। कार्यशाला में देशभर के फार्मेसी संस्थानों के प्रतिभागी भाग लेंगे। प्रो. राणा ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विख्यात विशेषज्ञों के प्रतिभागियों से सीधे विमर्श उनके ज्ञान और कौशल को उन्नत करने के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होंगे।